किशनगंज में 4 साल की बच्ची से रेप: चाकलेट का लालच देकर बुलाया, कमरे में बंद कर किया गंदा काम
किशनगंज में चार वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पड़ोस के 16 वर्षीय नाबालिग पर ...और पढ़ें
-1788158560714_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर
HighLights
चार वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म का मामला।
पड़ोसी 16 वर्षीय किशोर पर आरोप, हिरासत में।
पुलिस जांच जारी, बच्ची का इलाज चल रहा।
संवाद सहयोगी, किशनगंज। शहर के एक मोहल्ले में रविवार को चार वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना में पड़ोस में रहने वाले 16 वर्षीय नाबालिग पर बच्ची को चाकलेट का लालच देकर बहला-फुसलाकर अपने घर के एकांत कमरे में ले जाने और उसके साथ गलत हरकत करने का गंभीर आरोप लगाया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने आरोपी किशोर को निरुद्ध कर लिया है। वहीं बच्ची का सदर अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। घटना को लेकर बच्ची की मां के बयान पर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बच्ची के पिता ने बताया कि रविवार को उनकी चार वर्षीय बेटी घर के पास स्थित दुकान पर चाकलेट लेने गई थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला किशोर बच्ची के पास पहुंचा और चाकलेट दिलाने के बहाने उसे अपने साथ ले गया। आरोप है कि इसके बाद वह बच्ची को अपने घर के एकांत कमरे में ले गया, जहां उसके साथ गलत हरकत की गई।
घटना के बाद आरोपी बच्ची को घर के समीप छोड़कर चला गया। डरी-सहमी और रोती हुई बच्ची किसी तरह अपने घर पहुंची। उसकी स्थिति देखकर परिजन घबरा गए। बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर मां ने उससे जानकारी ली। इसके बाद बच्ची ने रोते हुए मां को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी।
मां ने तत्काल इसकी सूचना काम के सिलसिले में घर से बाहर गए पति को दी। सूचना मिलते ही पिता घर पहुंचे और बच्ची को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे।
स्वजनों ने घटना की जानकारी सदर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और बच्ची व उसके परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी किशोर को निरुद्ध कर लिया है।
मोबाइल पर आपत्तिजनक सामग्री देखने की बात सामने आई
प्रारंभिक पूछताछ में निरुद्ध किए गए किशोर ने मोबाइल फोन पर पूर्व में आपत्तिजनक सामग्री देखने की बात बताई है। पुलिस इस बिंदु सहित घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित बच्ची की मां के बयान पर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी बालक को निरुद्ध किया गया है। बच्ची का सदर अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। -संतोष कुमार, एसपी
