यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 22, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Lakhisarai News : ट्रक से आमने सामने टकराई दो बाइक, चार की मौत और एक गंभीर; हाईवे जाम
लखीसराय से एक बड़ी खबर सामने आई है। दो बाइक ट्रक से आमने-सामने टकरा गई हैं। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई हैं। वहीं एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई ...और पढ़ें

HighLights
- हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने एनएच जाम कर दिया
- हादसे के बाद एक की हालत गंभीर
संवाद सूत्र, मेदनी चौकी (लखीसराय)। मुंगेर-लखीसराय एनएच 80 पर मेदनी चौकी थाना क्षेत्र अंतर्गत हैबतगंज गांव के समीप एनएच 80 पर सोमवार की सुबह भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी जबकि एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
सड़क दुर्घटना को लेकर आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल पर तीन घंटे तक एनएच जाम कर दिया। इस दौरान पूरी तरह यातायात ठप हो गया। जानकारी के अनुसार पास के ही ऋषि गांव में रंजीत महतो की पुत्री की शादी थी।
शादी समारोह में ऋषि गांव स्व. आशिक महतो के पुत्र लक्ष्मी कुमार (44) एवं मोहनपुर नवटोलिया साध बाबा स्थान निवासी खुशीलाल यादव के पुत्र पुगी यादव (29) दो मोटरसाइकिल पर पांच लोगों के साथ मोहनपुर गांव से शादी समारोह में ऋषि गांव जा रहे थे।
इसी बीच, हैबतगंज के समीप अज्ञात ट्रक से दोनों मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें लक्ष्मी कुमार, पुगी यादव सहित माणिकपुर थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी सिकंदर महतो के पुत्र मनीष कुमार (20) एवं मुंगेर जिले के कासिम बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी मिर्जापुर निवासी अजय शर्मा के पुत्र कुणाल कुमार (19) की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
खबरें और भी
लखीसराय जिले के पीरी बाजार थाना क्षेत्र के महेशपुर निवासी सूरज कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सूचना मिलते ही मदनी चौकी थाना अध्यक्ष सुनील कुमार साहनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर सभी पांचों को सूर्यगढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां चिकित्सक ने चार की मौत की पुष्टि कर दी।
गुस्साए ग्रामीणों ने हैबतगंज गांव के समीप एनएच 80 को जाम कर दिया
जख्मी सूरज कुमार को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल लखीसराय भेज दिया। बाद में पुलिस ने चारों शव को पोस्टमार्टम के लिए लखीसराय भेज दिया। इधर, गुस्साए ग्रामीणों ने हैबतगंज गांव के समीप एनएच 80 को जाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे।
सड़क जाम की सूचना पर लखीसराय के एसडीपीओ राकेश कुमार, सूर्यगढ़ा के अंचल अधिकारी स्वतंत्र कुमार, थाना अध्यक्ष सुनील कुमार सहनी, किरणपुर पंचायत के मुखिया शैलेंद्र कुमार ने मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर जाम हटाया।
इस दौरान तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रही। घटना के बाद मृतक लक्ष्मी कुमार के बड़े भाई रंजीत महतो के घर में उनकी बेटी की शादी का खुशनुमा माहौल मातम में बदल गया। उधर घटना के बाद ट्रक लेकर उसका चालक भाग निकला।