सासाराम में घायल हुए बिहार पुलिस जवान मुकेश की वाराणसी में मौत, लखीसराय पहुंचा शव, बालू लदे ट्रैक्टर ने रौंदा था
बिहार पुलिस के जवान मुकेश कुमार की सासाराम में ड्यूटी के दौरान अवैध बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनका शव ...और पढ़ें

हलसी में बिहार पुलिस जवान मुकेश कुमार की सड़क दुर्घटना में मौत, गांव में शोक की लहर
HighLights
सासाराम में ड्यूटी पर तैनात जवान मुकेश की मौत।
अवैध बालू लदे ट्रैक्टर ने रौंदा, वाराणसी में निधन।
लखीसराय स्थित पैतृक गांव में पुलिस ने दी श्रद्धांजलि।
संवाद सूत्र, हलसी (लखीसराय)। लखीसराय के हलसी थाना क्षेत्र के कोली गांव निवासी बिहार पुलिस के जवान मुकेश कुमार की सड़क दुर्घटना में मौत हो जाने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार को रोहतास जिले के सासाराम में ड्यूटी के दौरान अवैध बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रामा सेंटर में उनकी मौत हो गई।
शोक संतप्त परिवार
मृतक मुकेश कुमार कोली गांव निवासी सरोबर रविदास के पुत्र थे। रविवार सुबह उनका शव पैतृक गांव पहुंचते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। गांव का माहौल गमगीन हो गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, हलसी थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन सहित अन्य पुलिस अधिकारी और जवान गांव पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। अधिकारियों ने स्वजनों को ढांढस भी बंधाया।
घटना की जानकारी
जानकारी के अनुसार, मुकेश कुमार वर्ष 2018 में बिहार पुलिस में बहाल हुए थे और वर्तमान में रोहतास जिले के सासाराम यातायात थाना में पदस्थापित थे। शनिवार को वह पुरानी जीटी रोड स्थित एसपी जैन कालेज मोड़ पर ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर शहर की ओर जा रहा था। ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास करने पर चालक ने उन्हें रौंदते हुए वाहन लेकर फरार हो गया।
इलाज के दौरान मौत
घटना में गंभीर रूप से घायल मुकेश कुमार को पहले सासाराम में प्राथमिक उपचार दिया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर, वाराणसी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
खबरें और भी
गांव में यादें और मातम
ग्रामीणों ने बताया कि सरोबर रविदास के तीन पुत्रों में मुकेश सबसे छोटे थे। बचपन से ही वह मिलनसार और मृदुभाषी स्वभाव के थे, जिसके कारण गांव में उनकी अच्छी पहचान थी। उनकी असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।