विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखीसराय में बाढ़ से 8385 हेक्टेयर फसल बर्बाद, किसानों को 13 करोड़ रुपये से अधिक मुआवजे की अनुशंसा

Published: Wed, 23 Sep 2026 03:48 PM (IST)

लखीसराय जिले में बाढ़ से 8,385 हेक्टेयर से अधिक फसल 33% से ज्यादा क्षतिग्रस्त हुई है, जिसके लिए जिलाधिकारी ने ...और पढ़ें

लखीसराय में बाढ़ से 8385 हेक्टेयर फसल बर्बाद

लखीसराय में बाढ़ से 8385 हेक्टेयर फसल बर्बाद

HighLights

  1. लखीसराय में 8,385 हेक्टेयर फसल बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई।

  2. किसानों को 13.68 करोड़ रुपये मुआवजे की अनुशंसा की गई।

  3. 33% से अधिक क्षति पर मिलेगी फसल सहायता।

संवाद सहयोगी, लखीसराय। बाढ़ का पानी उतरने के बाद खेतों में बची तबाही किसानों की महीनों की मेहनत की कहानी बयां कर रही है। जिले के चार प्रखंडों की 32 पंचायतों में 8,385 हेक्टेयर फसल 33 प्रतिशत से अधिक क्षतिग्रस्त हुई है। जिलाधिकारी ने पंचायतवार क्षति का आंकड़ा तैयार कर कृषि विभाग को रिपोर्ट भेज दी है। 

अब प्रभावित किसानों को फसल क्षति की भरपाई का इंतजार है। जिलाधिकारी ने किसानों को कुल 13 करोड़ 68 लाख 97 हजार 900 रुपये फसल क्षति सहायता उपलब्ध कराने की कृषि विभाग से अनुशंसा की है।

33 प्रतिशत या उससे अधिक फसल क्षति होने पर सहायता

क्षतिग्रस्त फसल में पांच हेक्टेयर बारहमासी, 7,712 हेक्टेयर सिंचित और 667 हेक्टेयर असिंचित भूमि की फसल शामिल है। सरकारी प्रविधान के अनुसार 33 प्रतिशत या उससे अधिक फसल क्षति होने पर सहायता का प्रविधान है। 

इसके तहत बारहमासी फसल के लिए 22,500 रुपये, सिंचित फसल के लिए 17,000 रुपये और असिंचित फसल के लिए 8,500 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से सहायता दी जानी है। बाढ़ में धान, मक्का, सब्जी सहित विभिन्न खरीफ फसलें पानी में डूबकर नष्ट हुई हैं।

पिपरिया में सबसे अधिक 3,297 हेक्टेयर फसल क्षतिग्रस्त

पिपरिया प्रखंड की पिपरिया, मोहनपुर, रामचंद्रपुर, सैदपुरा और वलीपुर पंचायत में कुल 3,297 हेक्टेयर फसल 33 प्रतिशत से अधिक क्षतिग्रस्त हुई है। इसमें 3,185.50 हेक्टेयर सिंचित, 106.50 हेक्टेयर असिंचित और पांच हेक्टेयर बारहमासी फसल है। इसके लिए 5 करोड़ 51 लाख 71 हजार 250 रुपये की मांग की गई है।

बड़हिया प्रखंड की खुटहा पूर्वी, खुटहा पश्चिमी, पाली, एजनीघाट, जैतपुर, डुमरी, लक्ष्मीपुर, गंगासराय, गिरिधरपुर और बड़हिया नगर परिषद क्षेत्र में 1,801.50 हेक्टेयर फसल क्षतिग्रस्त हुई है। इसमें 1,346.90 हेक्टेयर सिंचित और 454.60 हेक्टेयर असिंचित फसल है। इसके लिए 2 करोड़ 67 लाख 61 हजार 400 रुपये की मांग की गई है।

लखीसराय में 2,077.50, सूर्यगढ़ा में 1,209 हेक्टेयर क्षति

लखीसराय प्रखंड के अमहरा, बालगुदर, गढ़ी विशनपुर, कछियाना, मोरमा, साबिकपुर और नगर परिषद क्षेत्र में 2,077.50 हेक्टेयर फसल नष्ट हुई है। इसमें 2,001 हेक्टेयर सिंचित और 76.50 हेक्टेयर असिंचित फसल शामिल है। इसके लिए 3 करोड़ 46 लाख 67 हजार 250 रुपये की मांग की गई है।

सूर्यगढ़ा प्रखंड की अलीनगर, चंदनपुरा, जकड़पुरा, कवादपुर, किरणपुर, महमदपुर, रामपुर, सलेमपुर पूर्वी, सूर्यपूरा और टोरलपुर पंचायत में 1,209 हेक्टेयर फसल क्षतिग्रस्त हुई है। इसमें 1,179 हेक्टेयर सिंचित और 30 हेक्टेयर असिंचित फसल है। इसके लिए 2 करोड़ 2 लाख 98 हजार रुपये की मांग की गई है।

बाढ़ में क्षतिग्रस्त फसलों का आंकड़ा तैयार कर जिलाधिकारी के माध्यम से विभाग को रिपोर्ट भेजी गई है। विभाग से अनुमोदन मिलने के बाद फसल क्षति की राशि के लिए किसानों से आवेदन लिया जाएगा। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित किसानों को फसल क्षति की राशि का भुगतान किया जाएगा। - कुंदन कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी, लखीसराय

यह भी पढ़ें- मछली पालन से होगी बंपर कमाई: बिहार सरकार दे रही है मुफ्त ट्रेनिंग, सिर्फ 100 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस