लखीसराय में बालू उठाव से बने गड्ढे में डूबने से 10वीं के छात्र केशव की मौत; पूजा की छुट्टी में बेगूसराय से आया था घर
Lakhisarai Pipariya Ganga Drowning: लखीसराय के पिपरिया में दुर्गा पूजा की छुट्टी पर आए 14 वर्षीय छात्र केशव कुमार की ...और पढ़ें
-1792004009878_m.webp)
Lakhisarai Pipariya Ganga River Drowning: लखीसराय के डीह पिपरिया गंगा घाट से किशोर का शव बरामद किया गया।
HighLights
14 वर्षीय छात्र केशव की गंगा नदी में डूबकर मौत।
अवैध बालू उठाव से बने गहरे गड्ढे में फंसा छात्र।
दुर्गा पूजा की छुट्टी पर बेगूसराय से घर आया था।
संवाद सूत्र, लखीसराय। Lakhisarai Pipariya Ganga River Drowning: लखीसराय जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत डीह पिपरिया गांव के समीप बुधवार को एक हृदयविदारक हादसे में 14 वर्षीय छात्र की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई।
किशोर अपने दो अन्य साथियों के साथ गंगा स्नान करने गया था, जहां बालू उठाव के कारण बने गहरे गड्ढे की चपेट में आने से यह अनहोनी घटी। मृतक छात्र दुर्गापूजा की छुट्टियों में अपने घर आया हुआ था। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसर गया है।
बालू उठाव से बना गहरा गड्ढा बना काल
मृतक की पहचान करारी पिपरिया गांव निवासी साधारण किसान अनिरुद्ध सिंह उर्फ अरुण सिंह के 14 वर्षीय पुत्र केशव कुमार के रूप में की गई है। स्वजन ने बताया कि केशव बेगूसराय में रहकर दसवीं कक्षा में पढ़ाई करता था और दुर्गापूजा के अवकाश पर अपने गांव आया था। बुधवार को वह गांव के दो अन्य किशोरों के साथ डीह पिपरिया स्थित गंगा नदी तट पर स्नान करने गया था।
स्नान के दौरान केशव का पैर नदी के उस हिस्से में चला गया, जहां पूर्व में बुलडोजर से बालू के अवैध व अनियंत्रित उठाव के कारण जानलेवा गहरा गड्ढा बन गया था। देखते ही देखते वह गहरे पानी में समाने लगा और डूब गया। साथ गए दोनों किशोरों ने उसे डूबते देख शोर मचाया और भागकर गांव व परिजनों को सूचना दी।
2 घंटे की मशक्कत के बाद मिला शव
घटना की खबर मिलते ही गंगा घाट पर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए। स्थानीय ग्रामीणों और तैराकों ने तुरंत नदी में उतरकर खोजबीन शुरू की।
घर का बड़ा चिराग बुझा
करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गहरे पानी से केशव का शव बाहर निकाला जा सका। केशव दो भाइयों में सबसे बड़ा था। घर के होनहार चिराग की असमय मौत से मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे विधायक, बंधाया ढांढस
घटना की सूचना मिलने पर पिपरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पिपरिया थानाध्यक्ष सौरभ सुमन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
उधर, घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक रामानंद मंडल लखीसराय सदर अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया।
