विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखीसराय में गंगा का रौद्र रूप, बाढ़ की चपेट में दियारा के कई गांव; अलर्ट पर जिला प्रशासन

Published: Fri, 04 Sep 2026 04:56 PM (IST)

गंगा के बढ़ते जलस्तर से लखीसराय के दियारा क्षेत्र में बाढ़ आ गई है, जिससे पिपरिया प्रखंड के कई गांव ...और पढ़ें

HighLights

  1. गंगा का जलस्तर बढ़ने से लखीसराय के दियारा में बाढ़।

  2. पिपरिया के कई गांव जलमग्न, ग्रामीण सामान सुरक्षित कर रहे।

  3. जिला प्रशासन अलर्ट, डीएम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।

संवाद सहयोगी, लखीसराय। गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर ने लखीसराय जिले के नदी तटीय इलाकों में बाढ़ की दस्तक दे दी है। पिपरिया प्रखंड के दियारा क्षेत्र में गुरुवार की देर रात अचानक गंगा का पानी तेजी से फैलने लगा। शुक्रवार सुबह तक वलीपुर, रामचंद्रपुर और पिपरिया पंचायत के कई गांवों में पानी प्रवेश कर गया।

दियारा क्षेत्र चारों ओर से पानी से घिरकर टापू में तब्दील होने लगा है। पिछले 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में 32 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है। हथिदह में गंगा खतरे के निशान से 1.48 मीटर ऊपर बह रही है।

79687430

पिपरिया पंचायत के कन्हरपुर, डीह पिपरिया, पथुआ, बसौना, वलीपुर पासवान टोला, कोयलवा दियारा, रामचंद्रपुर यक्षराज स्थान, वलीपुर पुस्तकालय के पास और पाकरतर सहित कई इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है।

79687469

वलीपुर-पिपरिया मुख्य सड़क सहित रामचंद्रपुर और वलीपुर जाने वाली कई सड़कों पर पानी बह रहा है। रात करीब 12 बजे के बाद अचानक आबादी वाले इलाके में पानी घुसने से ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। लोग घरों का सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुट गए। सबसे अधिक चिंता किसानों को मवेशियों की है।

दियारा में बने कई बथान पानी में डूब गए हैं। मवेशियों को सड़क और अन्य ऊंचे स्थानों पर रखा जा रहा है। खेतों में लगी सब्जी, मक्का और पशुचारा भी जलमग्न हो गया है।

कुछ किसान कमर भर पानी में उतरकर पशुओं के लिए चारा काटकर ला रहे हैं। वहीं बड़हिया के खुटहा, चेतनटोला, मालपुर, लक्ष्मीपुर और कल्याणपुर क्षेत्रों में भी गंगा का पानी तेजी से फैल रहा है।

79687600

नदी किनारे माइकिंग, प्रशासन अलर्ट

नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने जिले में विशेष अलर्ट जारी किया है। डीएम शैलेन्द्र कुमार और एसपी के निर्देश पर नदी तटीय इलाकों में पुलिस माइकिंग कराकर लोगों को सतर्क रहने और नदी घाट से दूर रहने की सलाह दे रही है।

शुक्रवार को डीएम शैलेन्द्र कुमार ने एडीएम नीरज कुमार, डीडीसी सुमित कुमार, एसडीओ प्रभाकर कुमार और वरीय समाहर्ता शशि कुमार के साथ पिपरिया के बाढ़ प्रभावित दियारा क्षेत्र का जायजा लिया।

सुमन चौक से रामचंद्रपुर, वलीपुर सहित प्रभावित इलाकों का भ्रमण कर उन्होंने ग्रामीणों से स्थिति की जानकारी ली। डीएम ने कहा कि नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और हर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।