लखीसराय में लव मैरिज का दर्दनाक अंत, पत्नी के भागने से सदमे में युवक ने की आत्महत्या
रामगढ़ चौक के बिल्लो गांव में 22 वर्षीय अजय कुमार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी श्रुति देवी के घर छोड़कर जाने और शादी के दस्तावेज ले जाने से व ...और पढ़ें

लखीसराय में लव मैरिज का दर्दनाक अंत, पत्नी के भागने से सदमे में युवक ने की आत्महत्या (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, रामगढ़ चौक (लखीसराय)। रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र की बिल्लो पंचायत स्थित वार्ड नंबर-2 में सोमवार की रात एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गांव निवासी कृष्णदास के 22 वर्षीय पुत्र अजय कुमार के रूप में हुई है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना से प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत हो गया।
जानकारी के अनुसार, अजय कुमार पूर्व में बेंगलुरु में एक निजी कंपनी में कार्यरत था। इसी दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से गया जिले की रहने वाली दो बच्चों की मां श्रुति देवी (35) से उसकी दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई।
बताया जाता है कि महिला दो बच्चे की मां थी और पति आटो चालक था। वह दोनों बच्चों को छोड़कर अजय के साथ फरार हो गई थी और दोनों ने आपसी सहमति से कोर्ट मैरिज कर ली थी।
महिला के पति द्वारा गया में शिकायत दर्ज कराए जाने के बावजूद, दोनों के बालिग होने के कारण श्रुति ने अजय के साथ रहने का निर्णय लिया। इसके बाद पिछले तीन वर्षों से दोनों बिल्लो गांव में साथ रह रहे थे।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, महिला का बंध्याकरण ऑपरेशन पहले से हो चुका था, जिस कारण अजय की मां ने करीब चार माह पूर्व जमुई से एक बच्चे (लड़का) को गोद लेकर दंपती को सौंपा था, जिसका नाम लाडो रखा गया।
खबरें और भी
स्वजनों के अनुसार, बीते सप्ताह किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद श्रुति कुमारी घर छोड़कर भाग गई। वह अपने साथ शादी का प्रमाणपत्र और तस्वीरें भी ले गई। पत्नी के अचानक चले जाने से अजय कुमार गहरे मानसिक तनाव में आ गया था।
इसी तनाव में आकर उसने सोमवार की रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार की सुबह घटना की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
सूचना पर रामगढ़ चौक थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लखीसराय भेज दिया। थानाध्यक्ष चुन्नू कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। महिला कहां गई है, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं मिल सकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।