लखीसराय में सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फेंकने वालों पर नगर परिषद का शिकंजा, लगेगा जुर्माना
लखीसराय नगर परिषद ने सार्वजनिक स्थलों पर पॉलीथिन में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया है, जिसमें जुर्माना और दंडात्मक कार् ...और पढ़ें

सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने पर लगेगा जुर्माना। (जागरण)
HighLights
सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फेंकने पर जुर्माना लगेगा।
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था शहर में लागू है।
गंदगी फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
संवाद सहयोगी, लखीसराय। शहर को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाने की दिशा में नगर परिषद अब सख्त कदम उठाने जा रहा है। सार्वजनिक स्थलों, सड़कों और खाली जगहों पर पालीथिन में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर जुर्माना व दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
नगर परिषद ने स्पष्ट कर दिया है कि सफाई व्यवस्था उपलब्ध रहने के बावजूद गंदगी फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। शहर की मुख्य सड़कों से लेकर मोहल्लों तक सफाई के बाद भी जगह-जगह पॉलीथिन में भरा कूड़ा फेंका जा रहा है।
इससे न केवल शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है, बल्कि जलजमाव, दुर्गंध और प्रदूषण जैसी समस्याएं भी बढ़ रही हैं। नगर परिषद के अनुसार कई लोग घर और दुकानों का कचरा रात के अंधेरे में या सुबह-सुबह सार्वजनिक स्थलों पर फेंक देते हैं, जिससे सफाई व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।
हर वार्ड में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की व्यवस्था
नगर परिषद क्षेत्र के सभी 33 वार्डों में घर-घर से कचरा संग्रहण की व्यवस्था लागू है। इसके लिए प्रत्येक वार्ड में दो-दो सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है।
इसके अलावा शहर की सफाई व्यवस्था में प्रतिदिन करीब 250 सफाई मजदूर लगाए जाते हैं। सुबह और शाम दो शिफ्ट में सफाई अभियान चलाया जाता है तथा प्रमुख बाजारों और सड़कों से नियमित रूप से कचरा उठाया जाता है।
डोर-टू-डोर संग्रहित कचरे को निर्धारित कचरा प्वाइंट तक पहुंचाया जाता है, जहां से ट्रैक्टर के माध्यम से डंपिंग स्थल तक भेजा जाता है।
नगर परिषद का मानना है कि जब घर-घर से कचरा उठाने की व्यवस्था मौजूद है, तब सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने का कोई औचित्य नहीं रह जाता।
छतों से भी फेंका जा रहा कचरा, निगरानी बढ़ेगी
नगर परिषद को मिली शिकायतों के अनुसार कई लोग घरों की छतों से पॉलीथिन में भरकर कचरा सीधे सड़क पर फेंक रहे हैं। ऐसे लोगों की पहचान के लिए सुपरवाइजरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
खबरें और भी
गंदगी फैलाने वालों को पहले नोटिस देकर चेतावनी दी जाएगी। इसके बाद भी यदि आदत में सुधार नहीं हुआ तो जुर्माना लगाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर कठोर कार्रवाई भी की जाएगी।
लोगों से सहयोग की अपील
नगर परिषद प्रशासन ने शहरवासियों से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि स्वच्छ शहर केवल प्रशासनिक प्रयासों से नहीं, बल्कि नागरिकों की सहभागिता से ही संभव है।
इसलिए घर का कचरा निर्धारित वाहन या सफाई कर्मियों को ही सौंपें और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फेंकने से बचें।
यह भी पढ़ें- बिहार में दो IAS अधिकारी सस्पेंड: सम्राट सरकार का बड़ा एक्शन; रिशुश्री कनेक्शन में नपे योगेश और अभिलाषा
यह भी पढ़ें- बिहार में जमीन के अनुपलब्ध दस्तावेज की स्कैन कॉपी मिलने से आपका क्या फायदा होगा? बिंदुवार समझें
शहर के सभी वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की व्यवस्था उपलब्ध है। इसके बावजूद सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फेंकने वालों को चिह्नित कर नोटिस दिया जाएगा। नियमों का उल्लंघन जारी रहने पर जुर्माना और अन्य कार्रवाई की जाएगी।
प्रभात रंजन, ईओ, नगर परिषद, लखीसराय।