Lakhisarai : फोटोशॉप से आधार कार्ड में उम्र घटाने-बढ़ाने वाले कैफे का भंडाफोड़, संचालक धराया; प्रिंटर व वोटर ID जब्त
पुलिस ने लखीसराय के दामोदरपुर स्थित एक साइबर कैफे का भंडाफोड़ किया, जहाँ फोटोशॉप से आधार कार्ड में उम्र बदलकर ...और पढ़ें
-1788435902604_m.webp)
लखीसराय दामोदरपुर के साइबर कैफे में चल रहा था उम्र की हेराफेरी का खेल: 15 आधार कार्ड, प्रिंटर व मशीनें बरामद; संचालक कुश कुमार गिरफ्तार
HighLights
लखीसराय में साइबर कैफे पर पुलिस की छापेमारी।
फोटोशॉप से आधार कार्ड में उम्र बदलने का खेल।
सरकारी योजनाओं में सेंधमारी का था मुख्य मकसद।
जागरण संवाददाता, लखीसराय। आधार कार्ड जैसे अति-महत्वपूर्ण पहचान पत्र में तकनीकी छेड़छाड़ कर सरकारी तंत्र और कल्याणकारी योजनाओं में सेंधमारी करने वाले एक बड़े फर्जीवाड़े का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। लखीसराय थाना क्षेत्र के दामोदरपुर स्थित 'कुश इंटरप्राइजेज' नामक साइबर कैफे में छापेमारी कर पुलिस ने 15 अलग-अलग व्यक्तियों के आधार कार्ड, कई आधार छायाप्रतियां और मतदाता पहचान पत्र बरामद किए हैं। मौके से साइबर कैफे संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
लखीसराय के दामोदरपुर स्थित कुश इंटरप्राइजेज साइबर कैफे में पुलिस की रेड, फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह का खुलासा
फोटोशॉप की मदद से आधार कार्ड में उम्र घटाने-बढ़ाने का चल रहा था खेल; सरकारी योजनाओं का अनुचित लाभ दिलाना था मकसद
15 लोगों के आधार कार्ड, छायाप्रतियां, कई मतदाता पहचान पत्र, दो प्रिंटर, मॉनिटर, लैमिनेटर मशीन व कंप्यूटर उपकरण बरामद
एसपी के निर्देश पर छापेमारी, संचालक कुश कुमार गिरफ्तार; थाना कांड संख्या 439/26 दर्ज कर अन्य कड़ियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अधीक्षक (एसपी) की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दामोदरपुर में संचालित उक्त साइबर कैफे की आड़ में जाली दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं और आधार कार्ड में अवैध तरीके से हेरफेर किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद लखीसराय थाने की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कैफे पर छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां से 15 मूल आधार कार्ड और छायाप्रतियों के अलावा कैनन व एचपी कंपनी के प्रिंटर, एसर का मॉनिटर, लैमिनेटर मशीन, यूपीएस, सीपीयू, की-बोर्ड और मोबाइल फोन जब्त किए गए।
फोटोशॉप से उम्र में बदलाव, योजनाओं पर था निशाना
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपित दामोदरपुर निवासी कुश कुमार (पिता अवधेश पासवान) ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने खुलासा किया कि वह कंप्यूटर में फोटोशॉप सॉफ्टवेयर की मदद से लोगों के आधार कार्ड में दर्ज जन्मतिथि और उम्र को आवश्यकतानुसार घटाने या बढ़ाने का काम करता था।
पुलिस के अनुसार, इस हेराफेरी का मुख्य उद्देश्य अपात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन या अन्य लाभों का अनुचित फायदा दिलाना था। पहचान दस्तावेजों में इस स्तर की छेड़छाड़ को पुलिस प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है। जब्त दस्तावेजों के आधार पर यह जांच की जा रही है कि अब तक कितने लोगों के पहचान पत्रों में बदलाव किए गए और इस सिंडिकेट के जरिए किन-किन सरकारी योजनाओं को चूना लगाया गया।
कांड दर्ज, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी
बरामद फर्जी दस्तावेजों और स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर आरोपित कुश कुमार को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस संबंध में लखीसराय थाने में कांड संख्या 439/26 दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस फर्जीवाड़े में संलिप्त बिचौलियों और लाभुकों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है, साक्ष्य मिलते ही अन्य संलिप्त लोगों को भी दबोचा जाएगा।
इस सफल छापेमारी अभियान में लखीसराय थाने के सब-इंस्पेक्टर (एसआई) सौरभ कुमार, सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) उमाशंकर राजपाल एवं सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल रहे।
