Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पेड़ से चढ़े, साड़ी के सहारे उतरे: लखीसराय के सूर्यगढ़ा में पुलिस हवलदार के घर से लाखों की चोरी

    Updated: Wed, 22 Jul 2026 03:14 PM (IST)

    सूर्यगढ़ा के नंदपुर गांव में अज्ञात चोरों ने पुलिस हवलदार समेत दो घरों को निशाना बनाया। हवलदार के घर से करीब 35 हजार नकद और एक लाख से अधिक के आभूषण चो ...और पढ़ें

    लखीसराय के सूर्यगढ़ा में पुलिस हवलदार के घर से लाखों की चोरी (AI Generated Image)

    लखीसराय के सूर्यगढ़ा में पुलिस हवलदार के घर से लाखों की चोरी (AI Generated Image)

    HighLights

    1. नंदपुर गांव में पुलिस हवलदार के घर चोरी।

    2. 35 हजार नकद और एक लाख के आभूषण चोरी।

    3. चोरों ने दूसरे घर से भी एक हजार चुराए।

    संवाद सूत्र, सूर्यगढ़ा (लखीसराय)। सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के नंदपुर गांव में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए पुलिस हवलदार समेत दो घरों को निशाना बनाया। चोर एक घर से करीब 35 हजार रुपये नकद और एक लाख रुपये से अधिक मूल्य के स्वर्ण-रजत आभूषण लेकर फरार हो गए।

    वहीं, दूसरे घर से एक हजार रुपये की चोरी की गई। घटना के बाद गांव में शक और दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, बिहार पुलिस के हवलदार श्रवण कुमार के घर में उनकी पत्नी सो रही थीं।

    इसी दौरान चोर घर के बगल में लगे पेड़ के सहारे छत पर चढ़ गए। वहां से सीढ़ी के रास्ते नीचे उतरकर कमरे में रखी अटैची का ताला तोड़ दिया।

    अटैची में रखे करीब 35 हजार रुपये नकद, तीन मंगलसूत्र, सोने का चंदा तथा चांदी की पायल समेत एक लाख रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण चुरा लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर साड़ी की रस्सी के सहारे घर के पीछे से नीचे उतरकर फरार हो गए।

    श्रवण कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह करीब पांच बजे उनकी पत्नी की नींद खुली तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और अटैची गायब थी। खोजबीन के दौरान घर से लगभग 100 गज दूर खेत में अटैची फेंकी हुई मिली, जिसमें नकदी और आभूषण गायब थे। सूचना मिलने पर सूर्यगढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

    इधर, ग्रामीण सुमंगल सिंह एवं पूर्व मुखिया विपिन सिंह ने बताया कि चोरों ने गांव के ही विनय सिंह के घर को भी निशाना बनाया। हालांकि, वहां से चोर केवल एक हजार रुपये ही ले जा सके। थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने बताया कि सुबह चोरी की सूचना मिली थी।

    खबरें और भी

    पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    जानकारी के अनुसार, हवलदार श्रवण कुमार का हाल ही में स्थानांतरण हुआ है और उन्होंने नवादा पुलिस लाइन में योगदान दिया है। उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया।