लखीसराय में ताजिया पहलाम के दौरान दो गुटों में हिंसक झड़प, जमकर चले लाठी-डंडे; कई घायल
लखीसराय के पुरानी बाजार स्थित बड़ी दरगाह कर्बला में ताजिया पहलाम के दौरान दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई, जिसमें लाठी-डंडे चले और कई लोग घायल हो गए। ...और पढ़ें
-1782534183178_m.webp)
HighLights
लखीसराय में ताजिया पहलाम के दौरान दो गुटों में झड़प।
हिंसक संघर्ष में लाठी-डंडे चले, कई लोग घायल हुए।
पुलिस ने स्थिति संभाली, अतिरिक्त बल तैनात, जांच जारी।
संवाद सहयोगी, लखीसराय। शहर के पुरानी बाजार स्थित बड़ी दरगाह कर्बला में शनिवार सुबह ताजिया पहलाम के दौरान दो गुटों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों के साथ पारंपरिक हथियार लहराते हुए मारपीट करने लगे। घटना में स्थानीय निवासी मो. रिजवान के पुत्र सहित कम से कम दो लोगों का सिर फट गया, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इंगलिश मोहल्ला अखाड़ा से ताजिया पहलाम के लिए बड़ी संख्या में लोग बड़ी दरगाह कर्बला पहुंचे थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद बड़ी दरगाह अखाड़ा के कुछ युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गई।

घटना के समय बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी मौजूद थे। अचानक हुई मारपीट से पूरे परिसर में अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
सूचना मिलते ही लखीसराय थानाध्यक्ष अशोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद एसएसबी के जवान भी मौके पर पहुंचे और बड़ी दरगाह कर्बला परिसर को खाली कराकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और विवाद की वजह तथा इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।