लखीसराय नीट फर्जीवाड़ा: मास्टरमाइंड सम्राट की पत्नी भी थी अभ्यर्थी, बीएचयू की छात्रा थी सॉल्वर
नीट-यूजी पुनर्परीक्षा फर्जीवाड़ा मामले में मास्टरमाइंड सम्राट की पत्नी भी अभ्यर्थी थी, जिसकी जगह बीएचयू की एक छात्रा ने परीक्षा दी थी। जांच एजेंसियां ...और पढ़ें

नीट फर्जीवाड़ा: मास्टरमाइंड सम्राट की पत्नी भी थी अभ्यर्थी, बीएचयू की छात्रा थी सॉल्वर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, लखीसराय। नीट-यूजी पुनर्परीक्षा फर्जीवाड़ा मामले में फरार मास्टरमाइंड रवि उर्फ रविशंकर उर्फ सम्राट की तलाश के बीच जांच एजेंसियों के हाथ एक और महत्वपूर्ण कड़ी लगी है।
जांच में पता चला है कि गिरोह का संचालन करने वाला सम्राट केवल दूसरे अभ्यर्थियों के लिए ही सॉल्वर की व्यवस्था नहीं कर रहा था, बल्कि उसकी अपनी पत्नी मधुप्रिया भी इस पुनर्परीक्षा की अभ्यर्थी थी। उसके स्थान पर भी एक मेडिकल छात्रा परीक्षा देने लखीसराय पहुंची थी।
सूत्रों के अनुसार, मधुप्रिया का परीक्षा केंद्र केंद्रीय विद्यालय, लखीसराय था। जांच में खुलासा हुआ है कि उसकी जगह झारखंड के गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र के बरमसिया गांव निवासी पूनम कुमारी परीक्षा देने पहुंची थी। पूनम वर्तमान में बीएचयू, वाराणसी में बीएससी नर्सिंग प्रथम वर्ष की छात्रा है।
पुलिस उसे सॉल्वर के रूप में गिरफ्तार कर चुकी है। बताया जाता है कि वह इंटरमीडिएट परीक्षा में झारखंड टॉपरों की सूची में शामिल रही थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 21 जून को परीक्षा के दौरान फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ होते ही सम्राट को कार्रवाई की भनक लग गई।
इसके बाद वह अपनी पत्नी मधुप्रिया को लेकर फरार हो गया। तभी से पुलिस और आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) उसकी तलाश में जुटी है।
जांच में यह भी सामने आया है कि सम्राट बीएमआईएमएस, पावापुरी (नालंदा) का 2022 बैच का एमबीबीएस छात्र है। उसने अपने सहपाठी रंजीत कुमार के साथ मिलकर पूरे नेटवर्क को खड़ा किया था।
रंजीत का भाई संजीत कुमार भी इस पुनर्परीक्षा का मूल अभ्यर्थी था, जिसके स्थान पर हसनपुर राजकीय प्लस टू विद्यालय परीक्षा केंद्र से मंतोष कुमार को गिरफ्तार किया गया था। मंतोष मधेपुरा का रहने वाला है और वर्तमान में न्यू जलपाईगुड़ी मेडिकल कालेज में एमबीबीएस चतुर्थ वर्ष का छात्र है।
खबरें और भी
इधर, आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने जांच का दायरा और विस्तृत कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार सभी सॉल्वर को रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी चल रही है।
जांच एजेंसी का मानना है कि रिमांड के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों, सेटरों, आर्थिक लेन-देन और विभिन्न राज्यों में फैले नेटवर्क से जुड़े कई अहम राज सामने आ सकते हैं। वहीं, फरार सम्राट और उसकी पत्नी की गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी जारी है।