Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सिरखिंडी ग्रिड से रोशन होंगे लखीसराय-शेखपुरा और जमुई, अब नहीं सताएगी बिजली कटौती की समस्या!

    Updated: Wed, 01 Jul 2026 05:01 PM (IST)

    हलसी प्रखंड के सिरखिंडी गांव में निर्माणाधीन 132/33 केवी ग्रिड उपकेंद्र लखीसराय, शेखपुरा और जमुई जिलों की बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करेगा। ...और पढ़ें

    सिरखिंडी के समीप निर्माणाधीन विद्युत पावर ग्रिड। जागरण

    सिरखिंडी के समीप निर्माणाधीन विद्युत पावर ग्रिड। जागरण

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    संवाद सूत्र, हलसी (लखीसराय)। हलसी प्रखंड के सिरखिंडी गांव में निर्माणाधीन 132/33 केवी ग्रिड उपकेंद्र क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। करीब नौ एकड़ क्षेत्र में बन रहे इस आधुनिक ग्रिड उपकेंद्र के चालू होने के बाद लखीसराय, शेखपुरा और जमुई जिले के छह से अधिक विद्युत सबस्टेशनों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी।

    इससे सैकड़ों गांवों के उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवा का लाभ मिलेगा। वर्तमान में हलसी प्रखंड के विभिन्न विद्युत सबस्टेशनों को लखीसराय के सलौनाचक (विद्यापीठ) पावर ग्रिड से 33 केवी बिजली आपूर्ति की जाती है। दूरी अधिक होने के कारण तेज हवा या बारिश के दौरान अक्सर बिजली आपूर्ति प्रभावित हो जाती है।

    नई ग्रिड परियोजना के शुरू होने से इस समस्या में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है और क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था अधिक मजबूत एवं विश्वसनीय बनेगी। क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह की पहल पर इस परियोजना को स्वीकृति मिली।

    उनकी अनुशंसा के बाद बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड ने सिरखिंडी गांव के समीप भूमि चिह्नित की। छह अक्टूबर 2025 को तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 132/33 केवी ग्रिड उपकेंद्र का शिलान्यास किया था। इसके बाद से निर्माण कार्य लगातार प्रगति पर है।

    खबरें और भी

    परियोजना के तहत चहारदीवारी, कंट्रोल रूम, गोदाम, कर्मियों के आवास समेत अन्य आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। निर्माण एजेंसी निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने में जुटी है, ताकि तय समय पर ग्रिड का संचालन शुरू किया जा सके।

    परियोजना के सहायक अभियंता अभय कुमार ने बताया कि ग्रिड उपकेंद्र में 132 केवी बिजली प्राप्त होगी, जिसे 33 केवी में परिवर्तित कर संबंधित विद्युत सबस्टेशनों तक पहुंचाया जाएगा। इस ग्रिड से लखीसराय जिले के कैंदी और लहुआरा, शेखपुरा जिले के बरबीघा और चेवाड़ा तथा जमुई जिले के सिकंदरा और अलीगंज विद्युत सबस्टेशनों को बिजली आपूर्ति की जाएगी।

    ग्रिड उपकेंद्र के शुरू होने से क्षेत्र में बेहतर वोल्टेज, कम फाल्ट और अधिक भरोसेमंद बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। साथ ही भविष्य में बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने के लिए भी यह परियोजना महत्वपूर्ण आधार साबित होगी। इससे कृषि, छोटे उद्योग, व्यापारिक गतिविधियों और आम उपभोक्ताओं को समान रूप से लाभ मिलने की उम्मीद है।