AC कोच में 'दोस्त' बनकर चोरी करता था फोन, लखीसराय की किऊल थाने की पुलिस ने 33 मोबाइल के साथ दबोचा
किऊल रेल पुलिस ने ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है।
-1793967112085_m.webp)
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। (जागरण)
HighLights
किऊल रेल पुलिस ने शातिर मोबाइल चोर को दबोचा।
आरोपी के पास से 33 चोरी के मोबाइल बरामद।
पांच साल से ट्रेनों में यात्रियों के फोन चुरा रहा था।
संवाद सहयोगी, लखीसराय। ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर को किऊल रेल थाना की पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
उसके पास से चोरी के 33 मोबाइल बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपित की पहचान झारखंड के साहिबगंज जिले के तालझारी थाना क्षेत्र के महाराजपुर निवासी संजीव कुमार मंडल के रूप में हुई है। वह राजेश कुमार मंडल का पुत्र है।
किऊल रेल डीएसपी एजाज हाफिज मानी ने बताया कि संजीव पिछले पांच वर्षों से किऊल से लेकर गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) तक चलने वाली ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी कर रहा था।
वह पहली बार पुलिस की गिरफ्त में आया है। चोरी के मोबाइल वह पश्चिम बंगाल ले जाकर बेचता था। पुलिस से बचने के लिए वह किसी गिरोह के साथ नहीं रहता था और अकेले ही ट्रेनों में सफर करता था।
डीएसपी के अनुसार, आरोपित स्लीपर और एसी कोच में यात्रा करता था। इस दौरान आसपास बैठे यात्रियों से घुल-मिल जाता था। मौका मिलते ही यात्रियों का मोबाइल चोरी कर अगले स्टेशन पर ट्रेन से उतर जाता था।
20 से 30 मोबाइल जमा होने पर वह पश्चिम बंगाल जाकर उन्हें बेच देता था। पुलिस उसके पास से बरामद 33 मोबाइल के संबंध में आगे की जांच कर रही है। इस दौरान किऊल रेल थानाध्यक्ष बृज कुमार भी मौजूद थे।