Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लखीसराय में विधवा के घर घुसा युवक, गांव वालों ने पंचायत बुलाकर मुंडवाया सिर; जूते-चप्पल की पहनाई माला

    Updated: Sun, 19 Jul 2026 06:17 AM (IST)

    लखीसराय के भानपुर गांव में एक युवक पर विधवा के घर में गलत नीयत से घुसने का आरोप लगा, जिसके बाद ग्रामीणों ने पंचायत बुलाकर उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित ...और पढ़ें

    युवक का मुंडवाया सिर। (जागरण)

    युवक का मुंडवाया सिर। (जागरण)

    HighLights

    1. युवक पर विधवा के घर में गलत नीयत से घुसने का आरोप।

    2. ग्रामीणों ने पंचायत बुलाकर युवक का सिर मुंडवाया, जूतों की माला पहनाई।

    3. घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित, पुलिस को सूचना मिली।

    संवाद सूत्र, बड़हिया (लखीसराय)। बड़हिया टाल क्षेत्र के वीरूपुर थाना अंतर्गत भानपुर गांव में एक युवक पर विधवा महिला के घर में कथित रूप से गलत नीयत से प्रवेश करने का आरोप लगने के बाद ग्रामीणों ने पंचायत बुलाकर उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित कर दिया।

    पंचायत के निर्णय के अनुसार युवक का सिर मुंडवाया गया, उसके गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई गई और गांव की गलियों में घुमाया गया। इसके बाद घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात भानपुर निवासी ई-रिक्शा चालक विदेशी महतो कथित रूप से शराब के नशे में एक विधवा महिला के घर में घुस गया। उस समय घर में उसकी दो नाबालिग बेटियां और एक पुत्र मौजूद थे।

    बताया जाता है कि युवक के घर में प्रवेश करते ही बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद युवक बाहर निकलकर दरवाजा बंद कर वहां से भाग गया।

    मुंडवा दिया गया सिर

    ग्रामीणों के अनुसार, घटना से पहले भी वह शराब के नशे में ई-रिक्शा लेकर गांव और आसपास के इलाके में घूमता देखा गया था।

    शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने पंचायत बुलाई। पंचायत में युवक को बुलाकर उसके खिलाफ सामाजिक दंड देने का निर्णय लिया गया। इसके तहत उसका सिर मुंडवाया गया, गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई गई और पूरे गांव में घुमाया गया।

    पहले भी कर चुका है छेड़खानी

    ग्रामीणों का दावा है कि आरोपित विवाहित है और तीन बच्चों का पिता है। उनका यह भी आरोप है कि वह पूर्व में भी महिलाओं के साथ छेड़छाड़ जैसी हरकतें कर चुका है।

    हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। थानाध्यक्ष जितेंद्र देव दीपक ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को मिली है, लेकिन अब तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

    खबरें और भी