भागो-भागो... आरपीएफ व टीटीई आया है! बिहारीगंज रेलवे स्टेशन पर ये सुनते ही मची ऐसी भगदड़ कि 20 मिनट खड़ी रही ट्रेन
बिहारीगंज रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया गया, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया और टिकट काउंटर पर भारी भीड़ ...और पढ़ें

बिहारीगंज रेलवे स्टेशन पर अचानक आ धमकी सीनियर डीसीएम की सीटीटीआई टीम।
HighLights
बिहारीगंज स्टेशन पर बिना टिकट यात्रियों के खिलाफ महा-अभियान।
चेकिंग से मची भगदड़, टिकट काउंटर पर उमड़ी भारी भीड़।
राजस्व हानि के कारण नई ट्रेनों की संख्या प्रभावित।
संवाद सूत्र, बिहारीगंज (मधेपुरा)। पूर्व मध्य रेलवे समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा के सख्त निर्देश पर रेलखंड पर बिना टिकट यात्रा करने वाले शातिर यात्रियों के खिलाफ एक बड़ा महा-अभियान छेड़ा गया है। इसके तहत सीनियर डीसीएम अनन्या स्मृति के नेतृत्व में सीटीटीआई (CTTI) की विशेष टीम ने भारी सुरक्षा बल के साथ अचानक बिहारीगंज रेलवे स्टेशन पर धावा बोलकर सघन टिकट जांच अभियान चलाया। रेलवे अधिकारियों की इस औचक कार्रवाई से स्टेशन परिसर और बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों के बीच अचानक हड़कंप मच गया और लोग पकड़े जाने के डर से इधर-उधर भागने लगे।
टिकट काउंटर पर उमड़ी भारी भीड़, आरपीएफ तैनात
चेकिंग टीम को देखते ही स्टेशन पर मौजूद यात्रियों के बीच वैध टिकट लेने की ऐसी होड़ मची कि टिकट काउंटर पर देखते ही देखते हजारों यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को बेकाबू होते देख आरपीएफ (RPF) के जवानों को तुरंत मोर्चा संभालना पड़ा और विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए काउंटर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया। इस भारी हंगामे और कतारों के कारण बिहारीगंज से पूर्णिया कोर्ट जाने वाली सवारी गाड़ी संख्या 75223 डाउन अपने तय समय से करीब 20 मिनट विलंब से यानी सुबह 10:20 बजे खुल सकी।
अभियान के बाद भी छूट गए कई यात्री
स्टेशन पर मचे इस अप्रत्याशित हंगामे के बावजूद समय की कमी के कारण कई यात्री ट्रेन खुलने तक टिकट लेने से पूरी तरह वंचित रह गए और उन्हें स्टेशन पर ही रुकना पड़ा। इस विशेष टिकट चेकिंग अभियान में शामिल सीटीटीआई के अखिलेश कुमार ने बताया कि टीम में टीटीई संजीव कुमार, मो. मुस्ताक, रोहित कुमार, गौरव कुमार और विकास कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे। उन्होंने बताया कि बिहारीगंज-बनमनखी रेलखंड पर आरपीएफ के विशेष सहयोग से बिना टिकट चलने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है और पकड़े गए लोगों से मौके पर ही भारी जुर्माना वसूला जा रहा है।
राजस्व प्रभावित होने से रुकी हैं नई ट्रेनें
अधिकारियों ने यात्रियों को सख्त हिदायत देते हुए बिना टिकट यात्रा न करने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे राजस्व की सुरक्षा और यात्रियों में जागरूकता बढ़ाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। चेकिंग टीम ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि बिहारीगंज रेलवे स्टेशन की मंथली बुकिंग (राजस्व) लगातार प्रभावित होने के कारण ही इस रूट पर नई ट्रेनों की संख्या में बढ़ोत्तरी नहीं हो पा रही है। अंत में रेल प्रशासन ने आम जनता से भावुक अपील की है कि वे क्षेत्र के विकास और सुरक्षित सफर के लिए हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे के नियमों का कड़ाई से पालन करें।