Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कोसी एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी में लगी आग, कई यात्रियों ने नीचे कूदकर बचाई जान

    Updated: Sat, 18 Apr 2026 02:23 PM (IST)

    मधेपुरा-मुरलीगंज रेलखंड पर दीनापट्टी हाल्ट के पास शुक्रवार रात कोसी एक्सप्रेस (18626) की स्लीपर बोगी एस-5 के नीचे आग लगने से यात्रियों में अफरातफरी मच ...और पढ़ें

    HighLights

    1. कोसी एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी में लगी आग।

    2. यात्रियों में अफरातफरी, कोई हताहत नहीं।

    3. रेलवे कर्मियों ने आग पर पाया तुरंत काबू।

    संवाद सूत्र, मुरलीगंज (मधेपुरा)। मधेपुरा-मुरलीगंज रेलखंड पर दीनापट्टी हाल्ट के समीप शुक्रवार की रात करीब 11 बजे कोसी एक्सप्रेस (डाउन 18626) की स्लीपर बोगी एस-5 के नीचे चक्का के समीप अचानक आग लगने से अफरातफरी की स्थिति बन गई। बोगी में धुआं उठने से मची अफरातफरी के बाद कई यात्रियों ने एहतियातन नीचे कूद कर खुद को सुरक्षित किया। इसवजह से 12 मिनट तक ट्रेन रूकी रही।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पटना से पूर्णिया कोर्ट जा रही कोसी एक्सप्रेस के मधेपुरा स्टेशन से खुलने के बाद बुधमा स्टेशन से आगे बढ़ते ही स्लीपर बोगी के नीचे की ओर से धुआं उठने लगा। प्रारंभ में इसे सामान्य समझा गया, लेकिन कुछ ही देर में धुआं बढ़ने पर स्थिति गंभीर हो गई और आग की लपटें दिखाई देने लगी।

    हालात को देखते हुए ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया। इसके बाद रेलवे कर्मियों और मौके पर मौजूद स्टाफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।

    Kosi Express Fire

    सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना के कारण कुछ समय के लिए रेल परिचालन प्रभावित रहा। वहीं यात्रियों में इस घटना को लेकर भय और नाराजगी देखी गई।

    इस संबंध में मधेपुरा स्टेशन अधीक्षक जीवन प्रकाश ने बताया कि गर्मी की वजह से ब्रेक लगने के कारण चिंगारी निकली थी। यह सामान्य घटना है। तत्काल चालक व अन्य कर्मियों ने बाक्स खोलकर प्रेसर रिलीज कराया। इसके बाद ट्रेन गंतव्य की ओर रवाना हुई।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस ने तीन राज्यों से चार कट्टरपंथी दबोचे, गजवा-ए-हिंद के लिए बम बनाने और युवाओं को भड़काने की रची साजिश

    यह भी पढ़ें- बिहार में शाहपुर पटोरी-कर्पूरीग्राम रेल लाइन की मांग तेज, विजय चौधरी के डिप्टी सीएम बनने से जगी नई आस