मधेपुरा में जमीन विवाद में जानलेवा हमला : फौजी पिता की मदद से भाई की आंख में घोंपता रहा चाकू, लोग बनाते रहे रील
मधेपुरा के कुमारखंड में पुश्तैनी जमीन विवाद में एक पिता और सौतेले भाई ने युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के ...और पढ़ें

मधेपुरा में जमीन विवाद पर पिता-सौतेले भाई ने बेटे की आंखें चाकू से गोदी
HighLights
पुश्तैनी जमीन विवाद में पिता-सौतेले भाई का हमला।
चाकू से गोदकर युवक को गंभीर रूप से घायल किया।
ग्रामीणों ने वीडियो बनाया, पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप।
संवाद सूत्र, कुमारखंड (मधेपुरा)। मधेपुरा जिले के कुमारखंड थाना क्षेत्र स्थित सिहपुर गढ़िया पंचायत के वार्ड संख्या एक में पुश्तैनी जमीन के विवाद को लेकर हैवानियत का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है।
पुश्तैनी जमीन के लिए खूनी संघर्ष
पुश्तैनी संपत्ति में अपना हक मांगने पर एक पिता और सौतेला भाई इस कदर हैवान बन गए कि उन्होंने युवक को धान रोपे हुए कीचड़ भरे खेत में पटक कर बेरहमी से चाकू से गोद डाला।
डायल 112 की टीम ने पहुंचाया
घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारखंड ले गई।
मधेपुरा मेडिकल कॉलेज किया रेफर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद युवक की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जन नायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज (JNKTMCH) मधेपुरा रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
फौजी पिता ने की दो शादियां
वारदात में शामिल आरोपित पिता सुरेंद्र यादव सीमा सुरक्षा बल (BSF) का सेवानिवृत्त फौजी है। उसने दो शादियां की हैं और उसकी दोनों पत्नियां जीवित हैं। पहली पत्नी का बेटा कुंदन कुमार (30) पीड़ित है।
दस वर्षों से अलग रह रहा
पहली पत्नी का बेटा कुंदन पिछले 10 वर्षों से कुमारखंड पंचायत के वार्ड संख्या नौ में अपनी मां और पत्नी के साथ अलग रह रहा है, जबकि सुरेंद्र अपनी दूसरी पत्नी और दो बेटों के साथ रहता है।
सात एकड़ में मांगा 10 कट्ठा
पूर्व सैनिक सुरेंद्र यादव के पास कुल आठ बीघा यानी करीब सात एकड़ कृषि योग्य भूमि है। कुंदन इस पूरी संपत्ति में से अपने जीवन यापन के लिए महज 10 कट्ठा जमीन की मांग कर रहा था।
खबरें और भी
रविवार दोपहर हुआ हिंसक विवाद
रविवार की दोपहर इसी 10 कट्ठा जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद ने अत्यंत हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पिता सुरेंद्र और सौतेले भाई नीरज ने मिलकर पहले कुंदन की जमकर पिटाई कर दी।
सीने पर बैठकर गोदा चाकू
पिटाई के बाद आरोपी पिता सुरेंद्र ने कुंदन को कीचड़ में मजबूती से दबोच लिया, जबकि सौतेला भाई नीरज उसकी छाती पर बैठ गया और सीधे उसकी आंखों और शरीर पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने लगा।
घायल की स्थिति बनी चिंताजनक
मेडिकल कॉलेज में घायल का इलाज कर रहे चिकित्सकों के अनुसार कुंदन की हालत बेहद नाजुक और चिंताजनक बनी हुई है। चाकू के जानलेवा हमले से उसकी दोनों आंखों और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
सीएचसी में गार्ड है आरोपित
मामले की जांच को लेकर कुमारखंड थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष से आवेदन प्राप्त होते ही कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपित पिता वर्तमान में सीएचसी कुमारखंड में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत है।
हैवानियत का रील बनाते रहे लोग
रविवार को दिनदहाड़े घटी इस जघन्य वारदात के दौरान वहां मौजूद ग्रामीण और राहगीर तमाशबीन बने रहे। लोग अपने मोबाइल कैमरों से रील और वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने भी हमलावरों को रोकने का प्रयास नहीं किया।
सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा
दर्दनाक घटना के बाद तमाशबीनों ने उस हमले का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। हालांकि, वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इस चरम संवेदनहीनता पर गहरा दुख और भारी आक्रोश व्यक्त किया है।
पुलिस पर लगा तमाशबीन का आरोप
अस्पताल में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहे पीड़ित कुंदन ने पुलिस पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने कहा कि जब उस पर चाकू से हमला हो रहा था, तब 112 की पुलिस टीम वहां खड़ी तमाशा देख रही थी।
समय पर नहीं किया हस्तक्षेप
पीड़ित का कहना है कि उसने मदद के लिए चीख-पुकार मचाई, लेकिन पुलिसकर्मियों ने समय रहते कोई हस्तक्षेप नहीं किया। अगर पुलिस टीम समय पर बीच-बचाव करती, तो आरोपी उसकी आंखें गोदने में कामयाब नहीं हो पाते।