मधेपुरा: दूसरी शादी की खुशियों के बीच दूल्हे को मारी गोली, मेहमान बनकर आए थे पहली पत्नी के रिश्तेदार
मधेपुरा में दूसरी शादी के दो दिन बाद एक युवक को उसके घर में गोली मार दी गई। आरोप है कि हमलावर युवक की पहली पत्नी के मायके पक्ष से आए थे और पारिवारिक व ...और पढ़ें

मधेपुरा में दूसरी शादी के बाद युवक को मारी गोली, पहली पत्नी के मायके वालों पर आरोप (AI Generated Image)
HighLights
दूसरी शादी के दो दिन बाद युवक को गोली मारी।
पहली पत्नी के मायके पक्ष के दो युवकों पर आरोप।
पारिवारिक विवाद और दूसरी शादी से उपजा तनाव।
संवाद सूत्र, कुमारखंड (मधेपुरा)। थाना क्षेत्र के इसरायन कला पंचायत स्थित कामत टोला वार्ड संख्या-01 में सोमवार की शाम एक युवक की दूसरी शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। अरुण पासवान का 25 वर्षीय पुत्र रंजीत पासवान को उसके घर में घुसकर गोली मार दी गई। गोली उसके पेट में लगी है।
परिजनों ने उसे तुरंत निजी एंबुलेंस से मिशन अस्पताल मधेपुरा में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। स्वजनों के अनुसार, रंजीत की पहली शादी लगभग एक वर्ष पूर्व पूर्णिया जिले के दिवरा बाजार में हुई थी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही उसकी पहली पत्नी मायके से किसी अन्य युवक के साथ चली गई।
इसके बाद परिवार ने दो दिन पूर्व पूर्णिया जिले के जानकीनगर थाना क्षेत्र के भंगहा गांव की एक युवती के साथ रंजीत की दूसरी शादी कराई थी। शादी की रस्में व मेहमानों का आना-जाना अभी जारी था।
रंजीत की पहली पत्नी के मायके पक्ष से आए थे दो युवक:
सोमवार को रंजीत की पहली पत्नी के मायके पक्ष से आए दो युवक उसके घर पहुंचे। दोनों ने परिवार के सदस्यों से सामान्य ढंग से मुलाकात की व दोपहर का भोजन भी किया।
स्वजनों का आरोप है कि शाम करीब साढ़े चार बजे दोनों युवकों ने अचानक रंजीत पर हमला कर दिया। इस दौरान एक युवक ने कट्टे से उसके पेट में गोली मार दी।
गोली चलने की आवाज सुनते ही घर व आसपास के लोग दौड़ पड़े, लेकिन तब तक दोनों हमलावर बाइक से फरार हो चुके थे। गोली लगने से रंजीत गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
मिशन अस्पताल मधेपुरा में चल रहा है रंजीत का इलाज:
स्वजनों व ग्रामीणों ने बिना देर किए रंजीत को निजी एंबुलेंस से मिशन अस्पताल मधेपुरा पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू कर दिया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है व बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंच गए।
खबरें और भी
घटना की सूचना मिलते ही मुखिया प्रतिनिधि मो. कलाम, दीपक कुमार, संजीव कुमार सिंह व रमण कुमार सिंह सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। सभी ने घायल के स्वास्थ्य की जानकारी ली व पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
पारिवारिक विवाद व दूसरी शादी से उपजे तनाव से जुड़ा है मामला:
जनप्रतिनिधियों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। इधर घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए व आसपास के लोगों से पूछताछ की। हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापामारी शुरू कर दी गई है।
थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि मामले की हर बिंदु पर जांच की जा रही है। स्वजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद व दूसरी शादी से उपजे तनाव से जुड़ा प्रतीत होता है।
समाचार लिखे जाने तक गोली चलाने वाले दोनों आरोपितों के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी, जबकि घायल युवक का इलाज जारी था।