Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मधेपुरा में 1 करोड़ की स्मैक के साथ थार सवार दो तस्कर गिरफ्तार, बंगाल से पूर्णिया के रास्ते लाई जा रही थी खेप

    Updated: Sat, 25 Jul 2026 12:45 PM (IST)

    मधेपुरा के मुरलीगंज में पुलिस ने एक करोड़ रुपये की 927 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करों से बिना नंबर की महिंद्रा थार गाड़ी भ ...और पढ़ें

    मधेुपरा में मादक पदार्थों की तस्करी का मामला।

    मधेुपरा में मादक पदार्थों की तस्करी का मामला।

    HighLights

    1. मुरलीगंज में 1 करोड़ रुपये की स्मैक जब्त, दो गिरफ्तार।

    2. तस्करों से बिना नंबर की महिंद्रा थार गाड़ी भी जब्त की गई।

    3. आरोपी कोसी प्रमंडल में स्मैक के मुख्य सप्लायर थे।

    संवाद सूत्र, मुरलीगंज (मधेपुरा)। मधेपुरा जिले की मुरलीगंज थाना पुलिस और डीआईयू की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बिना नंबर की नई महिंद्रा थार गाड़ी से करीब 927 ग्राम स्मैक के साथ दो शातिर तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

    22 लाख की थार गाड़ी भी जब्त

    कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टॉप मॉडल महिंद्रा थार जीप भी जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 22 लाख रुपये है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि तस्करों ने स्मैक की काली कमाई से ही यह महंगी गाड़ी खरीदी थी।

    कोसी इलाके के मुख्य सप्लायर थे आरोपी

    गिरफ्तार तस्करों की पहचान मधेपुरा थाना क्षेत्र के जयपालपट्टी निवासी सरोज कुमार (28) और साहुगढ़ वार्ड संख्या 15 निवासी अभिमन्यु कुमार (19) के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी कोसी प्रमंडल यानी मधेपुरा, सुपौल और सहरसा जिले में स्मैक सप्लाई करने वाले मुख्य गिरोह के सदस्य हैं। इस नेटवर्क में आधा दर्जन से अधिक तस्कर शामिल हैं।

    बंगाल से लाई जा रही थी खेप

    एएसपी सह एसडीपीओ प्रवेंद्र भारती ने प्रेसवार्ता कर बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि पूर्णिया की ओर से मधेपुरा की तरफ एक बिना नंबर की काले रंग की थार गाड़ी में भारी मात्रा में स्मैक ले जाई जा रही है। सूचना पर प्रशिक्षु डीएसपी सह मुरलीगंज थानाध्यक्ष नुरुल हक के नेतृत्व में नाकेबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया गया और गाड़ी रोककर 927 ग्राम स्मैक व दो मोबाइल जब्त किए गए।

    खबरें और भी

    थोक सप्लाई की थी योजना

    पुलिस जांच में पता चला है कि स्मैक की यह बड़ी खेप पश्चिम बंगाल से पूर्णिया के रास्ते मधेपुरा लाई जा रही थी, जिसे मधेपुरा, सहरसा और सुपौल के स्थानीय तस्करों को थोक में सप्लाई किया जाना था। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स की तलाश कर रही है।

    पुलिस मुख्यालय, डीआईजी सहरसा और एसपी मधेपुरा के निर्देश पर मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस रैकेट से जुड़े अन्य तस्करों और उनके आपराधिक इतिहास की गहनता से जांच कर रही है।

    -

    प्रवेंद्र भारती, एएसपी सह एसडीपीओ, मधेपुरा