विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधेपुरा में स्टेट हाईवे 91 पर सड़क हादसों में एक युवक की मौत, चार गंभीर; खुर्दा मेला देखने जा रहे थे तीन दोस्त

Published: Thu, 22 Oct 2026 12:07 PM (GMT+05:30)

Madhepura Road Accident: मधेपुरा जिले के कुमारखंड प्रखंड में स्टेट हाईवे-91 पर दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की ...और पढ़ें

Madhepura Road Accident: घटना के बाद शोक संतप्‍त स्‍वजन।

Madhepura Road Accident: घटना के बाद शोक संतप्‍त स्‍वजन।

HighLights

  1. मधेपुरा में स्टेट हाईवे-91 पर हुए दो भीषण सड़क हादसे।

  2. एक युवक की मौत, खुर्दा मेला देखने जा रहे थे।

  3. चार अन्य गंभीर घायल, मेडिकल कॉलेज मधेपुरा रेफर।

संवाद सहयोगी, मधेपुरा। Madhepura Road Accident: मधेपुरा जिले के कुमारखंड प्रखंड अंतर्गत स्टेट हाईवे-91 पर बुधवार की रात रफ्तार का कहर देखने को मिला। अलग-अलग स्थानों पर हुए दो भीषण सड़क हादसों में एक 21 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पहला हादसा जोरावरगंज मोड़ के समीप पिकअप वैन की टक्कर से हुआ, जिसमें मेला देखने जा रहे युवक की जान चली गई।

वहीं दूसरा हादसा टिकुलिया गांव के पास सड़क पार करने के दौरान बाइक की चपेट में आने से घटा। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मधेपुरा रेफर किया गया है।

खुर्दा मेला देखने जा रहे थे तीन दोस्त

मिली जानकारी के अनुसार, पुरैनी पंचायत के वार्ड संख्या छह निवासी तीन दोस्त विकास कुमार (18), रोनिश कुमार (19) और संदीप कुमार (21) बुधवार की रात एक ही बाइक पर सवार होकर खुर्दा मेला देखने के लिए घर से निकले थे।

बाइक जैसे ही स्टेट हाइवे 91 पर जोरावरगंज मोड़ स्थित मल्लिक टोला के पास पहुंची, तभी मीरगंज की दिशा से तेज गति में आ रही एक अनियंत्रित पिकअप वैन ने बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद चालक पिकअप समेत मौके से फरार होने में सफल रहा।

पिकअप ने सामने से रौंदा

स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुमारखंड पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए तुरंत मेडिकल कॉलेज मधेपुरा रेफर कर दिया।

अस्पताल में सघन इलाज के दौरान 21 वर्षीय संदीप कुमार ने दम तोड़ दिया, जबकि विकास और रोनिश की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही पुरैनी गांव में कोहराम मच गया।

टिकुलिया के पास युवक को बाइक ने मारी टक्कर

वहीं, स्टेट हाईवे 91 पर ही दूसरा हादसा मध्य विद्यालय टिकुलिया के समीप बुधवार की रात घटित हुआ। टिकुलिया वार्ड संख्या 10 निवासी दिनेश मेहता पैदल सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान टिकुलिया बाजार की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार जनार्दन मेहता (निवासी टिकुलिया, वार्ड 10) ने उन्हें सीधे टक्कर मार दी।

इस जोरदार भिड़ंत में सड़क पार कर रहे दिनेश मेहता और बाइक चालक जनार्दन मेहता दोनों ही पक्की सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत दोनों को उठाकर सीएचसी कुमारखंड में भर्ती कराया।

चिकित्सकों ने बताया कि दोनों के सिर में गहरी चोटें आई हैं और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ है। स्थिति चिंताजनक देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज मधेपुरा रेफर कर दिया है, जहां दोनों का इलाज जारी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।