Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मधेपुरा के स्कूल हॉस्टल में 6 वर्षीय छात्र का शव फंदे से लटका मिला, हत्या का आरोप; प्राचार्य समेत स्टाफ फरार

    Updated: Sun, 07 Jun 2026 02:34 PM (IST)

    मधेपुरा के मुरलीगंज थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल हॉस्टल में 6 वर्षीय छात्र आनंद प्रेम का शव फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। परिज ...और पढ़ें

    Madhepura News: स्कूल हॉस्टल में फंदे से लटका मिला 6 वर्षीय छात्र का शव, स्वजन ने लगाया हत्या का आरोप

    Madhepura News: स्कूल हॉस्टल में फंदे से लटका मिला 6 वर्षीय छात्र का शव, स्वजन ने लगाया हत्या का आरोप

    HighLights

    1. मुरलीगंज के निजी स्कूल हॉस्टल में छात्र का शव मिला।

    2. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया, दो अज्ञात व्यक्तियों का जिक्र।

    3. स्कूल प्राचार्य व स्टाफ घटना के बाद से फरार हैं।

    संवाद सूत्र, मुरलीगंज (मधेपुरा)। मुरलीगंज थाना क्षेत्र की नाढ़ी पंचायत स्थित खाड़ी परमानंदपुर गांव में संचालित एक निजी विद्यालय के हॉस्टल में छह वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र का शव रविवार को विद्यालय परिसर में शौचालय के समीप फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

    मृत छात्र की पहचान पोखराम परमानंदपुर पंचायत के रहटा टोला निवासी रामानंद यादव के छह वर्षीय पुत्र आनंद प्रेम के रूप में हुई है। वह जेडी पब्लिक स्कूल में यूकेजी का छात्र था और विद्यालय के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था।

    बेटे की मौत की खबर सुन मचा कोहराम

    घटना की जानकारी मिलते ही छात्र के स्वजन विद्यालय पहुंचे। बेटे की मौत की खबर सुनकर पिता रामानंद यादव और माता गुंजन देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में शोक का माहौल है।

    स्वजन का आरोप है कि उनके पुत्र की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया। परिजनों ने दावा किया कि दो अज्ञात व्यक्तियों ने घटना को अंजाम दिया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

    खबरें और भी

    Madhepura School Hostel Death 6 Year Old Found Hanged (1)

    घटना के बाद स्कूल प्रबंधन हुआ फरार

    घटना के बाद विद्यालय प्राचार्य सुनील कुमार समेत स्कूल प्रबंधन और अन्य कर्मियों के फरार होने की चर्चा है। पुलिस विद्यालय प्रशासन की भूमिका को भी जांच के दायरे में रखकर पड़ताल कर रही है।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और जांच शुरू की।

    छात्र के बयान से मामले में आया नया मोड़

    मामले में उस समय नया मोड़ आ गया जब विद्यालय के एक छात्र मनीष कुमार ने दावा किया कि शनिवार देर रात दो अज्ञात व्यक्ति विद्यालय परिसर में आए थे। उसके अनुसार दोनों व्यक्तियों ने आनंद प्रेम के गले में रस्सी बांधी थी और बाद में विद्यालय के पीछे की ओर चले गए।

    हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस इस बयान को भी जांच का हिस्सा मानकर सत्यता की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों और परिस्थितियों की जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।

    Madhepura School Hostel Death 6 Year Old Found Hanged (3)

    एफएसएल टीम जुटा रही साक्ष्य

    घटना की सूचना मिलते ही मुरलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेजा गया है। साथ ही वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी बुलाया गया।

    एफएसएल टीम घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रही है और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पुलिस का मानना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी।

    जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी सच्चाई

    पुलिस विद्यालय प्रबंधन, कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की तैयारी कर रही है। घटना को लेकर क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन अधिकारी जांच पूरी होने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रहे हैं।

    "घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई है। एफएसएल की टीम साक्ष्य जुटा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्कूल प्रबंधक को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।"

    -

    नुरूल हक, प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष, मुरलीगंज