महाशिवरात्रि 2026: सज गई शिवनगरी सिंहेश्वर धाम, कई मायनों में खास होगा इस बार का मेला
मधेपुरा के सिंहेश्वर धाम में 15 फरवरी से शुरू होने वाले महाशिवरात्रि मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। लाखों श्रद्धालुओं के लिए मंदिर न्यास समिति द्वारा ...और पढ़ें

मधेपुरा का बाबा सिंहेश्वर धाम।
HighLights
लाखों श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है।
वाटरप्रूफ पंडाल, 15 नए नल, 20 अतिरिक्त शौचालय लगाए गए।
झांकी प्रतियोगिता और एलईडी स्क्रीन मेले का विशेष आकर्षण।
संवाद सूत्र, सिंहेश्वर (मधेपुरा)। सिंहेश्वर धाम में 15 फरवरी से शुरू होने वाले महाशिवरात्रि मेले को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। महाशिवरात्रि के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति की ओर से सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है। मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष सह जिलाधिकारी अभिषेक रंजन स्वयं तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं, जबकि सचिव सह उप विकास आयुक्त अनिल बसाल लगातार मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे हैं।
शनिवार को मंदिर और मेला परिसर का जायजा लेने के बाद उप विकास आयुक्त अनिल बसाल ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं को जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को पहले से अधिक सुव्यवस्थित और आधुनिक बनाया जा रहा है। श्रद्धालुओं के ठहराव को ध्यान में रखते हुए धर्मशालाओं में वाटरप्रूफ पंडाल लगाए जा रहे हैं, ताकि बारिश या ठंड के मौसम में भी सुरक्षित और आरामदायक विश्राम की सुविधा मिल सके। भीड़ की संभावना को देखते हुए पंडालों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है।
पीने के पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मेला क्षेत्र में 15 नए नल लगाए जा रहे हैं। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह व्यवस्था काफी सहायक होगी। इसके अलावा, किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए मंदिर न्यास समिति की ओर से एक स्थायी कंट्रोल रूम नंबर जारी किया जाएगा, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा। श्रद्धालु इस नंबर पर शिकायत, सुझाव और जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। मेला परिसर में इस बार एक बड़ी एलईडी स्क्रीन भी लगाई जाएगी, जिस पर भीड़ की स्थिति, आवश्यक सूचनाएं और सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित किए जाएंगे। इससे श्रद्धालुओं को दिशा-निर्देश मिलने के साथ-साथ व्यवस्थाओं को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।
मंदिर न्यास समिति के प्रबंधक भावेश कुमार ने बताया कि स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए मेले में 20 अतिरिक्त शौचालयों की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, मंदिर परिसर को आकर्षक एलईडी लाइटों से सजाया जाएगा, जिससे रात्रि में पूरा परिसर दिव्य और भव्य नजर आएगा। इस बार महाशिवरात्रि मेले का विशेष आकर्षण झांकी प्रतियोगिता होगी। इसमें नवोदय विद्यालय सहित आसपास के स्कूलों के आठवीं, नवमी और दसवीं कक्षा के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। शिवपुराण और पौराणिक कथाओं पर आधारित झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मंच से सम्मानित किया जाएगा।