मधेपुरा में स्टेट टैक्स डिपार्टमेंट की आनंद स्टोर और 3 गोदामों पर छापामारी, देर रात तक चली जांच
राज्य कर विभाग की टीम ने मुरलीगंज के आनंद स्टोर नामक किराना दुकान पर छापेमारी की।

व्यवसायी अग्रज आनंद के दुकान में जांच करते राज्य कर विभाग के अधिकारी। (जागरण)
HighLights
राज्य कर विभाग ने मुरलीगंज के किराना दुकान पर छापेमारी की।
आनंद स्टोर और तीन गोदामों की देर रात तक जांच चली।
प्रारंभिक जांच में कर चोरी के कुछ मामले सामने आए।
संवाद सूत्र, मुरलीगंज (मधेपुरा)। राज्य कर विभाग की टीम ने शुक्रवार की शाम मुरलीगंज स्थित एक किराना दुकान में छापामारी की।
राज्य कर संयुक्त आयुक्त कार्यालय, मधेपुरा अंचल की टीम ने शहर के सिनेमा चौक पर स्थित मेसर्स आनंद स्टोर में जांच शुरू की, जो देर रात तक जारी रही।
जानकारी के अनुसार, दुकान के प्रोपराइटर अग्रज आनंद हैं। यहां पान मसाला, गुटखा, चावल और चीनी सहित अन्य सामान का थोक एवं खुदरा कारोबार किया जाता है।
इसके अलावा, शहर के विभिन्न स्थानों पर इनके कई गोदाम भी हैं। विभागीय टीम ने दुकान और तीन गोदाम में मौजूद सामान, खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेज, बिल एवं अन्य कागजात की जांच की।
रात 10 बजे तक हुई जांच
जांच रात करीब 10 बजे तक जारी रही। जांच टीम में शामिल अधिकारी शौकत अंसारी ने बताया कि कार्रवाई अभी पूरी नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में कुछ कर चोरी से संबंधित मामला सामने आया है।
हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अधिकारी के अनुसार, जांच में एक से दो घंटे और लगने की संभावना है।
इसके बाद ही कर चोरी की वास्तविक राशि या अन्य अनियमितताओं के संबंध में आधिकारिक जानकारी दी जा सकेगी। विभागीय टीम देर रात तक दस्तावेजों और कारोबार से संबंधित रिकॉर्ड की जांच में जुटी रही।
यह भी पढ़ें- मधेपुरा-सिंहेश्वर को मिलेगी जाम से मुक्ति: 245 करोड़ की लागत से बनेगा 11 KM लंबा बाईपास, ड्राफ्ट DPR तैयार
