Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Madhubani News : तीर्थ यात्रा पर निकले थे 12 लोग...पहुंची सिर्फ खामोशी की खबर

    By Rudra Kant Mishra Edited By: Dharmendra Singh
    Updated: Fri, 21 Nov 2025 08:09 PM (GMT+05:30)

    Bihar News : मधुबनी जिले के मधेपुर में बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन पर एक तीर्थयात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें धनेश्वरी देवी नामक एक महिला की मृत् ...और पढ़ें

    मधेपुर के तरडीहा में मृतका के घर बैठे स्थानीय लोग। जागरण

    मधेपुर के तरडीहा में मृतका के घर बैठे स्थानीय लोग। जागरण

    संवाद सहयोगी, मधेपुर (मधुबनी)। बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन पर बहरपुर गांव के पास अयोध्या से सिमरिया जा रही तीर्थ यात्री बस शुक्रवार को बीस फीट नीचे खाई में गिर गई। इस घटना में मधुबनी जिले के तरडीहा गांव निवासी मन्नु राम की पत्नी धनेश्वरी देवी (65) की मौत हो गई। 25 तीर्थ यात्री जख्मी हो गए।

    धनेश्वरी गांव के 12 लोगों के साथ तीर्थाटन कर घर लौट रही थीं। बस में विभिन्न गांवों के लगभग 38 तीर्थ यात्री सवार थे। इस घटना में कइयों को गंभीर चोटें आई हैं। मृतका के स्वजन आशुतोष कुमार ने बताया कि 13 तारीख को गांव से 12 लोग बस से तीर्थाटन करने निकले थे। इनमें धनेश्वरी देवी सहित नेहा कुमारी, रमेश दास, प्रमीला देवी, गोलु कुमार, सुमित्रा देवी सहित अन्य लोग शामिल थे। बस सुपौल जिले के कमरैल गांव की थी। बस में फुलपरास के सैनी, बेलहा तथा मधेपुर के पचमनियां गांव के लोग भी थे।

    तीर्थ यात्री बस से पहले देवघर गए। फिर गोकुल, हरिद्वार, वृंदावन सहित अन्य जगह होते हुए अयोध्या आए। अयोध्या से सिमरिया होते हुए घर आने वाले थे। इसी दौरान हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार बस चालक को नींद आ रही थी। इसलिए वह बस में सो गया था। चालक की जगह बस मालिक गाड़ी चलाने लगा इसी क्रम में घटना हो गई।

    धनेश्वरी की तीन पुत्री तथा दो पुत्र हैं। इस यात्रा में उनकी एक पुत्री परमेश्वरी देवी भी उनके साथ थीं। दोनों पुत्र पवन राम (39) गुजरात में तथा किशुन राम (35) मुंबई में मजदूरी करता है। दोनों को इस हादसे की खबर दे दी गई है। बस हादसे के बाद सभी लोग गांव के लिए निकल चुके हैं। दाह संस्कार गांव में ही किया जाएगा।

    खबरें और भी