बिहार कैबिनेट में 3 बार के BJP MLA बने मंत्री, 20 साल बाद खजौली सीट के लिए दोबारा आई ये घड़ी
Bihar Ministry List 2026: अरुण शंकर प्रसाद को बिहार मंत्रिमंडल विस्तार में फिर से मंत्री पद मिला है, जिससे मधुबनी के खजौली क्षेत्र में खुशी और विकास क ...और पढ़ें
-1778143390942_m.webp)
यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, जयनगर (मधुबनी)। Bihar Govt Swearing-in Ceremony: बिहार मंत्रिमंडल विस्तार में खजौली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अरुण शंकर प्रसाद को एक बार फिर मंत्री पद की जिम्मेदारी मिली है। सूड़ी समाज के प्रमुख चेहरे माने जाने वाले अरुण शंकर प्रसाद को दोबारा मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
पटना के गांधी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उन्होंने मंत्री पद की शपथ ली। इससे पहले भी उन्हें पर्यटन एवं युवा कला संस्कृति विभाग का जिम्मा दिया गया था।
खजौली को 20 साल बाद फिर मिला प्रतिनिधित्व
खजौली विधानसभा क्षेत्र को करीब दो दशक बाद दोबारा मंत्री पद का प्रतिनिधित्व मिला है। इससे पहले वर्ष 1985 में कांग्रेस विधायक बिल्ट पासवान विहंगम को पशुपालन मंत्री बनाया गया था। वहीं वर्ष 2000 में राजद विधायक राम लषण राम रमण को शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी मिली थी।
अब भाजपा विधायक अरुण शंकर प्रसाद को मंत्री बनाए जाने से क्षेत्र के लोगों में विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है।
लगातार तीसरी बार बने विधायक
अरुण शंकर प्रसाद ने खजौली विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है। वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में जीत के बाद भाजपा ने उन्हें विधानसभा का सचेतक बनाया था।
पार्टी संगठन और क्षेत्रीय राजनीति में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें फिर से मंत्रिमंडल में जगह दी गई है।
छात्र जीवन से आरएसएस से जुड़ाव
अरुण शंकर प्रसाद का जुड़ाव छात्र जीवन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से रहा है। भाजपा संगठन में लंबे समय तक सक्रिय रहने के कारण उन्होंने क्षेत्र में मजबूत राजनीतिक पहचान बनाई।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और क्षेत्र में मजबूत पकड़ ने उन्हें पार्टी नेतृत्व का भरोसेमंद नेता बनाया है।
क्षेत्र के विकास को लेकर बढ़ी उम्मीदें
मंत्री बनने के बाद खजौली विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने उनसे विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई है। भाजपा नेता और अधिवक्ता श्याम किशोर सिंह ने कहा कि खजौली के लिए यह गौरव का क्षण है। लंबे समय बाद क्षेत्र को मंत्री पद मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अधूरे विकास कार्य अब पूरे होंगे।
जयनगर में कई परियोजनाओं की मांग
स्थानीय लोगों ने जयनगर को अनुमंडल का दर्जा मिलने के बावजूद न्यायालय और जेल निर्माण नहीं होने का मुद्दा उठाया। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में महिला डिग्री कॉलेज की स्थापना, डीबी कॉलेज में बीटेक, बीएड, आईटीआई और तकनीकी शिक्षा की व्यवस्था की जानी चाहिए।
खबरें और भी
मंत्री बनने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह
अरुण शंकर प्रसाद के दोबारा मंत्री बनने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है। अमरेश झा, अरविंद तिवारी, प्रमीला पूर्वे, आनंद पूर्वे, सुधीर खड़गा, सूरज गुप्ता और विकास चंद्र समेत कई लोगों ने कहा कि उनके मंत्री बनने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।