5 लाख 20 हजार की सब्जी की 'मार्केटिंग', मधुबनी के सेवानिवृत्त शिक्षक को 'महंगी' पड़ी खरीदारी
मधुबनी के झंझारपुर में एक सेवानिवृत्त शिक्षक के साथ बड़ी ठगी हुई, जहां ऑटो में रखा उनका 5 लाख 20 हजार रुपये से भरा बैग चोरी हो गया। शिक्षक ने बैंक से ...और पढ़ें

पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। (AI Generated Image)
HighLights
सेवानिवृत्त शिक्षक के 5.20 लाख रुपये चोरी।
झंझारपुर में ऑटो से बैग उड़ाया गया।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
संवाद सहयोगी, झंझारपुर(मधुबनी)। Madhubani Cash Theft News: जीवन में कई बार थोड़े पैसे या समय बचाने के चक्कर में बहुत बड़ा नुकसान सहना पड़ जाता है। मधुबनी के एक सेवानिवृत्त शिक्षक के साथ भी ऐसा ही कुछ हुआ।
घटना बुधवार की है। उन्होंने झंझारपुर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से भारी रकम यानी 5 लाख 20 हजार रुपये की निकासी की। उसके बाद उन्होंने किसी भरोसे के व्यक्ति या पुलिस की मदद नहीं ली। रुपये को बैग में रखा और वहां से अकेले ऑटो से घर लौटने लगे।
सख्त कार्रवाई की मांग
इसी बीच किसी ने रुपये से भरा उनका बैग ऑटो से ही उड़ा दिया। यह घटना उनके लिए किसी सदमे से कम नहीं है। यह पूरी वारदात बुधवार दोपहर बाजार समिति के पास घटी। इसके पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
शेयर की जगह रिजर्व ऑटो
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्व. इन्द्रदेव मिश्र के पुत्र सृष्टिनारायण मिश्र ने एसबीआई की शाखा से 5 लाख 20 हजार रुपये की निकासी की। पैसे निकालने के बाद उनके मन में यह बात आई कि इतनी रकम को अकेले शेयर वाले ऑटो में लेकर जाना उचित नहीं है।
इसलिए उन्होंने फैसला किया कि रिजर्व ऑटो से घर जाया जाएगा। रुपये को बैग में रखने के बाद वे रिजर्व टेम्पो से अपने गांव वापस जाने के लिए रवाना हुए।
ऑटो में छोड़ा रुपये वाला बैग
बुधवार को झंझारपुर बाजार समिति के पास अधिक भीड़ होती है। इसको देखते हुए उन्होंने सोचा कि पैसे रखने के लिए घर जाने के बाद वापस बाजार समिति आकर सब्जी खरीदने में अधिक समय लग जाएगा।
खबरें और भी
गांव में यहां की तुलना में महंगी सब्जी मिलेगी। इन सब ख्यालों के बीच उन्होंने टेम्पो चालक को रुकने के लिए कहा। रुपये वाला बैग ऑटो में ही छोड़ सब्जी की खरीदारी करने लगे।
किसी ने उड़ाया बैग
इसके बाद सृष्टिनारायण मिश्र जब सब्जी खरीदकर वापस टेम्पो के पास लौटे तो देखा कि उनका रुपयों से भरा बैग गायब है।
बैग गायब देखते ही उनके तो होश ही उड़ गए। उन्होंने तुरंत आसपास खोजबीन शुरू की। लोगों से पूछा, लेकिन कुछ पता नहीं चला। अब तो इनकी हालत खराब होने लगी।
इस बीच उन्होंने अपने रिश्तेदारों और घरवालों को पूरी घटना की जानकारी दी। वे लोग भी वहां पहुंचे और सृष्टिनारायण को संभाला। इसके बाद सबने घटना की सूचना पुलिस में देने की सलाह दी। इसके अनुसार ही पुलिस के पास इसका आवेदन दिया गया।
बैंक से पीछा करने की आशंका
वहां उपस्थित लोगों ने और पुलिस ने भी इस बात की आशंका जताई है कि शातिर चोर बैंक के अंदर से ही उनके पीछे लग गया होगा। बाजार समिति में जैसे ही उसे मौका मिला उसने बैग उड़ा लिया।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस की टीम ने हटिया गाछी से लेकर बैंक की शाखा तक लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक किसी को लेकर किसी तरह का संदेह व्यक्त नहीं किया है।
पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उसने जल्द ही राज से पर्दा हटाने का दावा किया है। वहीं लोगों में भी इस चोरी की खूब चर्चा रही। किसी ने कहा कि मास्टर साहब को यह सब्जी 5 लाख 20 हजार रुपये की पड़ गई।