पिता ठेले पर बेचते हैं मसाला, मधुबनी की बेटी ने BPSC पास कर हासिल किया अधिकारी बनने का मुकाम
राखी कुमारी ने परिवार के विरोध और चुनौतियों के बावजूद बीपीएससी परीक्षा पास कर ग्रामीण विकास पदाधिकारी का पद हासिल किया। उनके पिता गुवाहाटी में ठेले पर मसाला बेचते हैं।

राखी कुमारी की फाइल फोटो। सौ. स्वजन
HighLights
राखी कुमारी ने बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल की।
वह ग्रामीण विकास पदाधिकारी के पद पर चयनित हुई हैं।
उनके भाई भी इसी परीक्षा में सफल हुए हैं।
प्रवीण ठाकुर, बासोपट्टी (मधुबनी)। बेटियां अगर अपने सपनों को पूरा करने की ठान लें, तो कोई भी चुनौती उनकी राह नहीं रोक सकती। परिवार के विरोध और सामाजिक बंदिशों के बावजूद अपनी पसंद के विषय से पढ़ाई जारी रखकर सफलता हासिल करने वाली राखी कुमारी ने इसे सच कर दिखाया है।
बासोपट्टी प्रखंड मुख्यालय स्थित बासोपट्टी पूर्वी पंचायत निवासी जीवछ महतो की पुत्री राखी कुमारी ने बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफलता हासिल कर ग्रामीण विकास पदाधिकारी बनने का गौरव प्राप्त किया है।
खास बात यह है कि राखी के छोटे भाई ने भी इसी परीक्षा में सफलता हासिल कर ग्रामीण विकास पदाधिकारी का पद प्राप्त किया। एक ही घर से भाई-बहन का एक साथ एक ही पद पर चयन होने से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
राखी की सफलता की कहानी इसलिए भी खास है, क्योंकि पढ़ाई के दौरान उन्हें विज्ञान विषय चुनने को लेकर परिवार के विरोध का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद उन्होंने अपने फैसले पर भरोसा रखा और विज्ञान विषय से अपनी पढ़ाई जारी रखी।
उन्होंने परिस्थितियों के आगे हार मानने के बजाय मेहनत को अपना हथियार बनाया। लक्ष्य के प्रति समर्पण और लगातार प्रयास का परिणाम रहा कि आज उन्होंने बीपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल कर ली।
राखी ने बताया कि बासोपट्टी से इंटर करने के बाद आगे की पढ़ाई को लेकर घर वालों ने उनसे कहा कि आर्ट्स रखकर घर से पढ़ाई करो।
घर वालों की इच्छा थी कि बेटी की शादी समय से कर देंगे। लेकिन राखी ने परिवार के सामने जिद रखी और साइंस में फिजिक्स आनर्स रखकर पढ़ाई का मन बना लिया। राखी ने बताया कि उन्होंने विषय का चयन बहुत सोच-समझकर किया।
ग्रामीण क्षेत्र में उक्त विषय को लेकर बेहतर पढ़ाई और तैयारी की व्यवस्था नहीं है। इस विषय के कारण वह पटना रहकर पढ़ाई कर सकती हैं। जिसके बाद उनके पिता ने बेटी की बात मान ली और उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए सहमति दे दी।
गुवाहाटी में ठेले पर मसाला बेचते हैं पिता
राखी के पिता जीवछ महतो बेहद साधारण और मेहनती व्यक्ति हैं। वे अपने गांव से बाहर गुवाहाटी में रहकर ठेले पर मसाला बेचने का काम करते हैं।
घर में तीन बच्चे हैं, जिनमें सबसे बड़ी बेटी और दो बेटे हैं। बहुत कम कमाई के बीच परिवार का भरण-पोषण और बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी उनको और भी मेहनत करने के लिए विवश कर देती थी। दिन-रात मेहनत कर दोनों बच्चों को पढ़ाने में लग गए।
अंततः उनकी मेहनत और उनके बच्चों की लगन ने परिणाम के रूप में जो रिजल्ट दिया, वह उनके परिवार के साथ-साथ उस पंचायत क्षेत्र के लिए भी गौरवान्वित करने वाला था।
वहीं, छोटे भाई के साथ एक ही परीक्षा में सफल होना इस उपलब्धि को और भी खास बनाता है। दोनों भाई-बहन अब ग्रामीण विकास पदाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।
बेटियां परिवार की हैं गौरव
बेटियां किसी भी परिवार की सबसे अनमोल धरोहर होती हैं। यदि उन्हें बचपन से सही शिक्षा, उचित मार्गदर्शन और आगे बढ़ने का अवसर मिले, तो वे अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर बड़ी से बड़ी सफलता हासिल कर सकती हैं। आज बेटियां सरकारी सेवाओं में अधिकारी बनने से लेकर निजी क्षेत्र में उच्च पदों तक अपनी पहचान बना रही हैं।
- ज्योति कुमारी, पंचायत समिति सदस्य, बासोपट्टी पूर्वी पंचायत।
सही मार्गदर्शन से बेटियां रचती हैं इतिहास
बेटियों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं होती। कमी कभी-कभी सही मार्गदर्शन और अवसरों की होती है। अगर परिवार बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता दे और उन्हें लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करे, तो वे सरकारी अधिकारी, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, वैज्ञानिक और निजी कंपनियों में बड़े पदों पर पहुंच सकती हैं।
- अवधेश कुमार महतो, बासोपट्टी।
बेटी को अवसर दीजिए, वह पहचान बनाएगी
हर बेटी के मन में कुछ बनने और जीवन में आगे बढ़ने का सपना होता है। उन सपनों को पूरा करने के लिए उसे परिवार के सहयोग, अच्छी शिक्षा और सही मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है।
यदि बेटियों को उचित माहौल मिले, तो वे प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सरकारी सेवाओं में अधिकारी बन सकती हैं। वहीं निजी क्षेत्र में भी अपनी योग्यता और मेहनत से ऊंचा मुकाम हासिल कर सकती हैं।
- परशुराम पूर्वे, अध्यक्ष, चैम्बर आफ कामर्स, बासोपट्टी।
यह भी पढ़ें- दरभंगा की जुगनू ने अभावों को बनाया सफलता की सीढ़ी, बनीं बिहार पुलिस मेजर सर्जेंट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।