Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई, कोडीन सिरप, नशीली दवाएं और सोना चांदी के साथ दो गिरफ्तार

    Updated: Wed, 15 Jul 2026 11:44 AM (IST)

    मधुबनी में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई कर मादक और प्रतिबंधित दवाओं की बड़ी खेप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। इस दौर ...और पढ़ें

    दोनों आरोपितों को पूछताछ के बाद लदनियां थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

    दोनों आरोपितों को पूछताछ के बाद लदनियां थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

    HighLights

    1. भारत-नेपाल सीमा पर मादक दवाओं की बड़ी खेप जब्त।

    2. दो तस्कर गिरफ्तार, लाखों की नकदी, सोना-चांदी बरामद।

    3. कोडीन सिरप, नशीली कैप्सूल और टैबलेट भी जब्त।

    जागरण संवाददाता, मधुबनी। Madhubani Drug Smuggling: जिले के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मादक एवं प्रतिबंधित दवाओं की बड़ी खेप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

    छापेमारी के दौरान कोडीनयुक्त सिरप, नशीली दवाओं के अलावा लाखों रुपये की भारतीय और नेपाली मुद्रा तथा सोना-चांदी भी बरामद किए गए। दोनों आरोपितों को पूछताछ के बाद लदनियां थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

    गुप्त सूचना पर संयुक्त छापेमारी

    एसएसबी 18वीं बटालियन, स्थानीय पुलिस, उत्पाद विभाग और औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने मंगलवार रात गुप्त सूचना के आधार पर भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 264/19 के पास लदनियां बाजार स्थित भारतीय सीमा क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाया।

    इस कार्रवाई का नेतृत्व एसएसबी 18वीं बटालियन के कमांडेंट कोजा राम लमरोर की देखरेख में किया गया। अभियान में सहायक कमांडेंट अजीत कुमार, इंस्पेक्टर सी. लालथनपुईया समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल रहे।

    कोडीन सिरप और नशीली दवाएं बरामद

    छापेमारी के दौरान टीम ने कोडीन फॉस्फेट एवं अन्य संयोजन युक्त सिरप की 1,005 बोतल, स्पास्मोप्रॉक्सीवॉन प्लस की 5,376 कैप्सूल और नाइट्राज़ेपाम की 2,400 टैबलेट बरामद की।

    जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि प्रतिबंधित दवाओं की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

    नकदी के साथ सोना और चांदी भी

    कार्रवाई के दौरान 4.30 लाख रुपये भारतीय मुद्रा, 4.50 लाख नेपाली मुद्रा, 24.940 ग्राम सोना और 1.69 किलोग्राम चांदी भी जब्त की गई। बरामद सामान की वैधता और उसके स्रोत की भी जांच की जा रही है।

    भारत और नेपाल के दो आरोपित गिरफ्तार

    संयुक्त टीम ने लदनियां थाना क्षेत्र के कथा गांव निवासी 47 वर्षीय ललित यादव और नेपाल के सिरहा निवासी 19 वर्षीय परमजीत मंडल को मौके से गिरफ्तार किया।

    दोनों से प्रारंभिक पूछताछ के बाद उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए लदनियां थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। जांच एजेंसियां इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हैं।