Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भारत नेपाल सीमा पर अवैध गोकशी का भंडाफोड़, 80 किलो गोमांस बरामद, चार गिरफ्तार

    Updated: Sun, 12 Jul 2026 04:37 PM (IST)

    भारत-नेपाल सीमा से सटे मधुबनी के लौकहा में एसएसबी और पुलिस ने अवैध गोकशी व पशु तस्करी का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई में 10 गाय, 4 बछड़े और 80 किलो गोमांस ...और पढ़ें

    भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चला अभियान।

    भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चला अभियान।

    HighLights

    1. भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गोकशी नेटवर्क का खुलासा।

    2. 10 गाय, 4 बछड़े, 80 किलो गोमांस बरामद हुआ।

    3. दो वयस्क गिरफ्तार, दो नाबालिग हिरासत में लिए गए।

    संवाद सहयोगी, खुटौना (मधुबनी)।  भारत-नेपाल सीमा से सटे मधुबनी जिले के लौकहा थाना क्षेत्र के परती टोल में रविवार तड़के एसएसबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कथित अवैध गौकशी और पशु तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान 10 गाय, चार बछड़े और करीब 80 किलोग्राम गोमांस बरामद करने का दावा किया गया। मौके से दो वयस्क आरोपितों और दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया।

    ड्रोन निगरानी के बाद हुई छापेमारी

    एसएसबी के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने पर रविवार सुबह करीब 5:30 बजे सीमावर्ती इलाके की ड्रोन से निगरानी की गई। इसके बाद परती टोल में संचालित एक कथित अवैध वधशाला पर संयुक्त छापेमारी की गई। अभियान 18वीं वाहिनी एसएसबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने चलाया।

    10 गाय, चार बछड़े और मांस बरामद

    छापेमारी के दौरान 10 गाय, चार बछड़े और लगभग 80 किलोग्राम मांस बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, पशु चिकित्सक की जांच में बरामद मांस को गोमांस बताया गया। जांच के दौरान गाय के सिर और पैर भी मिलने की बात कही गई है। जब्त पशुओं और अन्य सामग्री को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत लौकहा थाना पुलिस को सौंप दिया गया।

    दो वयस्क और दो नाबालिग हिरासत में

    पुलिस ने इस मामले में दो वयस्क आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया। नाबालिगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपितों ने अवैध कारोबार से जुड़े कई अहम तथ्य बताए हैं। इन दावों का सत्यापन जांच के दौरान किया जाएगा।

    खबरें और भी

    शादी समारोह में उपयोग की आशंका

    प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर पुलिस का कहना है कि बरामद मांस का उपयोग कथित रूप से एक शादी समारोह में किया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि पशुओं की तस्करी और अवैध वध का नेटवर्क कितने समय से संचालित हो रहा था तथा इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

    आगे की कानूनी कार्रवाई जारी

    पुलिस ने बताया कि एसएसबी की जब्ती सूची के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और अन्य संदिग्धों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।