मधुबनी में चोरी की बाइक के साथ आर्म्स एक्ट के तहत तीन आरोपी पुल के नीचे से दबोचे गए
मधुबनी पुलिस ने परसौनी गांव में पुरानी कमला नदी के पास से चोरी की बाइक और आर्म्स एक्ट के तहत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्तियों के ...और पढ़ें

मधुबनी जिले में पीसी करते डीएसपी अमित कुमार । जागरण
HighLights
चोरी की बाइक और आर्म्स एक्ट के तीन आरोपी गिरफ्तार।
परसौनी गांव में कमला नदी पुल के पास से हुई गिरफ्तारी।
बरामद मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर बदला हुआ पाया गया।
संवाद सहयोगी, बेनीपट्टी (मधुबनी) । पतौना थाना क्षेत्र के परसौनी गांव स्थित पुरानी कमला नदी के निकट पुल के पास पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत तीन अभियुक्तों को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
बेनीपट्टी के एसडीपीओ अमित कुमार ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक, मधुबनी के निर्देशन तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बेनीपट्टी के नेतृत्व में पतौना थाना कांड संख्या 44/2026 के नामजद अभियुक्तों को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया है।
फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में थानाध्यक्ष पतौना अनुराग कुमार, पुअनि अर्पण कुमार, पुअनि रितेश कुमार एवं पुअनि उदय रजक द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान सूचना मिली कि तीनों आरोपी परसौनी स्थित कमला नदी की ओर गए हैं। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पुल के नीचे तीन व्यक्ति सोए हुए पाए गए, जिन्हें बल के सहयोग से पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान मुरारी सहनी, सुभाष कुमार ठाकुर एवं कमलु शर्मा, तीनों निवासी परसौनी गांव के रूप में हुई है। मौके की तलाशी लेने पर एक मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर BR 32 AE 6812) बरामद की गई।
मोटरसाइकिल के कागजात मांगने पर अभियुक्तों द्वारा कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। एचएचडी जांच में वाहन स्वामी का नाम राजकुमार मंडल, निवासी जहरमोहरा, थाना राजनगर, जिला मधुबनी पाया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि उक्त मोटरसाइकिल चोरी की है, जिसके संबंध में कमतौल थाना (दरभंगा) में प्राथमिकी दर्ज है। साथ ही यह भी पाया गया कि वाहन पर रजिस्ट्रेशन नंबर BR 07 AF 3407 लगाकर उपयोग किया जा रहा था।
खबरें और भी
एसडीपीओ ने बताया कि चोरी की मोटरसाइकिल के रजिस्ट्रेशन नंबर में छेड़छाड़ कर उपयोग करने के आरोप में पतौना थाना में कांड संख्या 92/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि आरोपियों के पास से पूर्व में एक कट्टा भी बरामद किया गया था। पुलिस लगातार अपराधियों और विभिन्न कांडों के अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस की सक्रियता के कारण अपराधी लगातार गिरफ्त में आ रहे हैं।