मधुबनी में झोपड़ी में चल रहा था सरकारी स्कूल, डीएम ने बच्चों को अपनी गाड़ी से पहुंचाया दूसरे स्कूल
Bihar Primary School Inspection: मधुबनी के डीएम आनंद शर्मा ने बेनीपट्टी में स्कूलों का औचक निरीक्षण किया, जहां एक प्राथमिक ...और पढ़ें

बेनीपट्टी के सिनुवारा में विद्यालय का निरीक्षण करते डीएम आनंद शर्मा व अन्य। फोटो सौ. जागरण
HighLights
डीएम ने झोपड़ी में चल रहे स्कूल का निरीक्षण किया।
बच्चों को अपनी सरकारी गाड़ी से दूसरे स्कूल भेजा।
नए भवन निर्माण का तुरंत आदेश दिया गया।
संवाद सहयोगी, बेनीपट्टी (मधुबनी)। Madhubani School Surprise Inspection: मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने गुरुवार को बेनीपट्टी प्रखंड की अड़ेर दक्षिणी पंचायत स्थित सिनुआरा गांव में प्राथमिक और मध्य विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नवसृजित प्राथमिक विद्यालय सिनुआरा एक झोपड़ी में संचालित होता मिला। इस बदहाल स्थिति पर गहरी नाराजगी जताते हुए डीएम ने तत्काल सभी बच्चों को अपने सरकारी वाहन में बैठाया और उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिनुआरा में शिफ्ट कराया।
नए भवन निर्माण के निर्देश
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जब तक प्राथमिक विद्यालय का नया भवन बनकर तैयार नहीं हो जाता, तब तक बच्चों की कक्षाएं मध्य विद्यालय में ही चलेंगी।
उन्होंने मौके पर मौजूद ग्रामीणों, अभिभावकों, प्रधानाध्यापकों और छात्रों से बातचीत कर शिक्षण व्यवस्था का फीडबैक लिया।
डीएम ने कहा कि पंचायत समिति के माध्यम से विद्यालय भवन का निर्माण शीघ्र शुरू कराया जाएगा और पंचायती राज संस्थाओं को शैक्षणिक ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए आगे आना चाहिए।
63 स्कूलों का कायाकल्प
जिले में शैक्षणिक बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए 63 भवनहीन और जर्जर नवसृजित प्राथमिक विद्यालयों की सूची शिक्षा विभाग को भेजी गई है।
यूनिट प्राइसिंग के आधार पर इनके नए भवन निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है और शिक्षा सचिव से वार्ता के बाद जल्द ही प्रशासनिक स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल इस योजना के तहत सभी चिह्नित स्कूलों में पक्के भवन और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
संसारी पोखर में मिलीं कमियां
निरीक्षण क्रम में डीएम करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर बेनीपट्टी नगर पंचायत के महादलित टोला स्थित प्राथमिक विद्यालय संसारी पोखर पहुंचे।
वहां छात्रों की अनुपस्थिति और मध्याह्न भोजन (एमडीएम) पूरी तरह बंद मिलने पर उन्होंने कड़ी फटकार लगाई। इस दौरान नेपाल में जलस्तर वृद्धि से संभावित बाढ़ की स्थिति पर डीएम ने कहा कि जिले में हालात पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में हैं, जिस पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।
