मधुबनी के छात्रों के लिए बड़ी सौगात, हर विधानसभा क्षेत्र में मिलेगी हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा
मधुबनी जिले में मुख्यमंत्री डिजिटल लाइब्रेरी योजना के तहत सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित होंगी। यह पहल ग्रामीण छात्रों ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है। (फोटो-AI)
HighLights
मधुबनी के 10 विधानसभा क्षेत्रों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित होंगी।
ग्रामीण छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मिलेगी मदद।
मुफ्त वाई-फाई, ई-बुक्स और ऑनलाइन क्लास की सुविधा उपलब्ध।
अभय कुमार सोनू, मधुबनी । शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल क्रांति को गति देने के लिए बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री डिजिटल लाइब्रेरी योजना अब मधुबनी जिले में भी आकार लेने लगी है।
जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की तैयारी पूरी हो चुकी है। जिला शिक्षा विभाग ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में लाइब्रेरी निर्माण के लिए स्थल चयन कर लिया है।
इन लाइब्रेरी केंद्रों के शुरू होने के बाद ग्रामीण और दूरदराज के हजारों विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित अध्ययन की सुविधा अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध होगी। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता भी कम होगी।
राज्य सरकार की इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली छात्रों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन का माहौल उपलब्ध कराना है।
अब छात्रों को महंगी कोचिंग या अध्ययन सामग्री के लिए पटना, दिल्ली, कोटा या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। डिजिटल लाइब्रेरी में मुफ्त वाई-फाई, हाई-स्पीड इंटरनेट, कंप्यूटर, ई-बुक्स, ऑनलाइन क्लास और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित डिजिटल स्टडी सामग्री उपलब्ध रहेगा।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी होगी और मजबूत
डिजिटल लाइब्रेरी में जेईई, नीट, क्लैट, यूपीएससी, बीपीएससी, एसएससी, रेलवे, बैंकिंग सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आधुनिक डिजिटल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
छात्र ऑनलाइन लेक्चर देख सकेंगे, ई-बुक्स पढ़ सकेंगे और इंटरनेट आधारित अध्ययन कर सकेंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी वही सुविधाएं मिलेंगी, जो अब तक बड़े शहरों के छात्रों को उपलब्ध थीं।
जिले के इन 10 स्थानों पर बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी
जिला शिक्षा विभाग द्वारा विधानसभावार जिन स्थलों का चयन किया गया है, उनमें हरलाखी के दीन दयाल हाई स्कूल, बेनीपट्टी के सर्वोदय हाई स्कूल सलेमपुर, बासोपट्टी के हाई स्कूल बासोपट्टी, लदनियां के उत्क्रमित बीआरसी, बिस्फी के विद्यापति प्लस टू हाई स्कूल, पंडौल के प्रखंड संसाधन केंद्र, राजनगर के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कसियौना, झंझारपुर के बीआरसी, खुटौना के बीआरसी तथा फुलपरास के प्लस टू हाई स्कूल शामिल हैं।
ग्रामीण छात्रों के लिए साबित होगी वरदान
जिले के अधिकांश मेधावी छात्र संसाधनों के अभाव में बेहतर तैयारी नहीं कर पाते हैं। डिजिटल लाइब्रेरी शुरू होने से ऐसे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, डिजिटल अध्ययन सामग्री और ऑनलाइन शिक्षा का लाभ अपने ही प्रखंड में मिलेगा। इससे शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ेगी और प्रतियोगी परीक्षाओं में जिले के छात्रों की सफलता का प्रतिशत भी बढ़ने की उम्मीद है।
खबरें और भी
मुख्यमंत्री डिजिटल लाइब्रेरी योजना के तहत जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में स्थल चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। आगे सरकार के निर्देशानुसार निर्माण और अन्य आवश्यक कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन लाइब्रेरी में छात्रों को कंप्यूटर, हाई-स्पीड इंटरनेट, मुफ्त वाई-फाई, ई-बुक्स और ऑनलाइन अध्ययन की सुविधा उपलब्ध होगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए डिजिटल सामग्री भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने जिले में ही बेहतर शैक्षणिक संसाधन मिल सकें।
- अक्षय कुमार पांडेय, जिला शिक्षा पदाधिकारी।