मधुबनी शहर को जलजमाव से मिलेगी मुक्ति, किंग्स कैनाल की उराही पर खर्च होंगे 1.08 करोड़ रुपये
Bihar Drainage System: मधुबनी नगर निगम ने शहर को जलजमाव से मुक्ति दिलाने के लिए किंग्स कैनाल नाले की 1.08 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक सफाई और गाद नि ...और पढ़ें

बारिश के दिनों में जलजमाव की वजह से लोगों को काफी परेशानी होती है। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, मधुबनी। Madhubani Waterlogging Problem: शहर में हर वर्ष बरसात के दौरान उत्पन्न होने वाली जलजमाव की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने किंग्स कैनाल नाले की व्यापक सफाई और गाद निकासी की योजना तैयार की है।
इन योजनाओं की स्वीकृति और संवेदक चयन प्रक्रिया पूरी होते ही शहर में विकास कार्यों का दायरा और अधिक व्यापक हो जाएगा।
स्टेडियम रोड स्थित शांति दीप चौक से महाराजगंज, सुड़ी स्कूल और गदियानी होते हुए चौभच्चा चौक तक किंग्स कैनाल की उराही एवं गाद निकासी पर करीब 1.08 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
सुचारु होगी जलनिकासी
योजना के क्रियान्वयन के बाद नाले की जल प्रवाह क्षमता बढ़ेगी और शहर के कई मोहल्लों में जलनिकासी व्यवस्था पहले से अधिक सुचारु होने की उम्मीद है।
यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से निविदा के आधार पर संचालित की जाएगी। नगर निगम के अनुसार वर्षों से नाले में जमी गाद और अतिक्रमण के कारण बरसात के समय पानी का बहाव पूरी तरह बाधित हो जाता है।
गाद निकासी की योजना
जलजमाव के कारण महाराजगंज, गदियानी और सुड़ी स्कूल रोड सहित आसपास के बड़े इलाकों में जलजमाव की विकट स्थिति उत्पन्न होती है। नई योजना के तहत नाले की पूरी लंबाई में आधुनिक मशीनों और श्रमिकों की मदद से गाद निकासी कर नाले को उसके मूल स्वरूप में लाया जाएगा।
योजना के दूसरे चरण में गदियानी, गांधी चौक, बलुआ चौक तथा सुड़ी हाई स्कूल मार्ग पर चार नए पुलों के निर्माण का भी प्रस्ताव तैयार किया गया है।
चार नए पुल
इन नए पुलों के निर्माण से स्थानीय लोगों की दैनिक आवाजाही आसान होगी और नाले की सफाई व रखरखाव में भी काफी सुविधा मिलेगी।
नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती ने कहा कि शहर की जलनिकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से बेहतर बनाना नगर निगम की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि किंग्स कैनाल की उराही योजना की स्वीकृति और संवेदक चयन की प्रक्रिया वर्तमान में तेजी से जारी है।