मधुबनी में प्रार्थना के दौरान गिरा स्कूल भवन का प्लास्टर, अभिभावकों ने जमकर किया हंगामा
मधुबनी के नाजीरपुर मध्य विद्यालय में सुबह की प्रार्थना के दौरान स्कूल भवन का प्लास्टर गिर गया। सौभाग्य से बच्चे मैदान में थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया, ...और पढ़ें
HighLights
प्रार्थना के दौरान नाजीरपुर स्कूल में गिरा प्लास्टर।
जर्जर भवन को लेकर अभिभावकों ने किया हंगामा।
मरम्मत न होने तक पढ़ाई बाधित रखने की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, मधुबनी। बिहार के मधुबनी शहर से सटे मध्य विद्यालय नाजीरपुर में सोमवार को सुबह की प्रार्थना के दौरान स्कूल भवन के लिंटर से बड़ा सा प्लास्टर का टुकड़ा नीचे गिर गया।
गनीमत यह था कि उस समय मैदान में प्रार्थना हो रही थी, नहीं तो कई बच्चे बुरी तरह से जख्मी हो जाते। हालांकि कुछ बच्चों को मामूली चोटे आने की बात सामने आ रही है। प्लास्टर गिरने के बाद बच्चों के अभिभावक स्कूल में पहुंचकर हंगामा किया एवं सभी कमरे में ताला जड़ दिया।
उन लोगों का कहना था कि कई वर्षों से इस जर्जर भवन में बच्चों को पढ़ाया जा रहा है। कई बार प्लास्टर उखड़ कर गिरने की घटना हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर विभाग के अधिकारी पहुंचकर इस स्कूल का मुआयना नहीं करते हैं तो स्कूल में पढ़ाई बाधित रहेगी।
करीब 2 घंटे तक स्कूल परिसर में अफरातफरी का माहौल कायम रहा। अभिभावकों का कहना था कि हुए लोग अपने बच्चों का जान जोखिम में डालकर पढ़ने के लिए स्कूल नहीं भेजेंगे जब तक स्कूल भवन की मरम्मत नहीं हो जाती है।