मधुबनी में सड़क, नाला, जलनिकासी समेत 152 विकास योजनाओं पर खर्च होंगे 6.18 अरब, बदल जाएगी शहर की तस्वीर
Madhubani Infrastructure Updates: मधुबनी नगर निगम ने शहर के सर्वांगीण विकास के लिए 152 नई परियोजनाओं पर 6.18 अरब रुपये खर्च करने की योजना बनाई है। इन ...और पढ़ें

शहर में 300 से अधिक प्रोजेक्ट्स पर एक साथ काम दिखेगा। फाइल फौटो
HighLights
152 नई विकास योजनाओं पर 6.18 अरब रुपये खर्च होंगे।
सड़क, नाला, जल निकासी, पार्क सौंदर्यीकरण मुख्य कार्य।
शहर की यातायात और जल निकासी में व्यापक सुधार होगा।
जागरण संवाददाता, मधुबनी। Madhubani Development Projects: नगर निगम ने शहर के सर्वांगीण विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़ी कार्ययोजना तैयार की है।
निगम क्षेत्र के 45 वार्डों में 152 नई विकास योजनाओं पर कुल 6.18 अरब रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही 54.60 करोड़ रुपये की 146 पुरानी योजनाओं पर निर्माण कार्य पहले से जारी है, जिससे जल्द ही शहर में 300 से अधिक प्रोजेक्ट्स पर एक साथ काम दिखेगा।
इन योजनाओं के तहत आरसीसी सड़क, नाला, पीसीसी सड़क, जल निकासी, पार्क और पोखरों के सौंदर्यीकरण का काम किया जाएगा। प्रमुख कार्यों में थाना चौक से ईद मोहम्मद चौक तक आरसीसी नाला, बाटा चौक से गंगा सागर चौक तक सड़क निर्माण और किंग्स कैनाल की उड़ाही शामिल है।
इसके अलावा विद्यापति पार्क का नवीनीकरण और नगर निगम कार्यालय के सामने स्थित पोखर का आधुनिक जीर्णोद्धार भी कराया जाएगा।
\नगर निगम का दावा है कि इन प्रमुख सड़कों और नाली-गंभीर परियोजनाओं से शहर की यातायात व्यवस्था और जल निकासी में व्यापक सुधार आएगा।
शहर के प्रमुख चौराहों पर चार नए पुलों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे आवागमन सुगम होगा। इसके साथ ही सभी 45 वार्डों में नागरिक सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए बुनियादी निर्माण तेजी से पूरा करने का खाका तैयार किया गया है।
मेयर अरुण राय और डिप्टी मेयर अमानुल्लाह खान ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य मधुबनी को आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर बनाना है। कोई भी वार्ड विकास कार्यों से अछूता नहीं रहेगा।
वहीं नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती ने स्पष्ट किया कि 152 नई योजनाओं का चयन अंतिम चरण में है और निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से मॉनिटरिंग की जाएगी।