Raksha Bandhan 2026 : रक्षाबंधन पर नहीं रहेगा भद्रा का साया, राखी बांधने के लिए बन रहा खास शुभ संयोग
Rakhi Muhurat 2026 : इस वर्ष रक्षाबंधन 28 अगस्त को विशेष शुभ संयोगों के बीच मनाया जाएगा, जिसमें भद्रा का ...और पढ़ें

Raksha Bandhan Shubh Muhurat : इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
रक्षाबंधन 28 अगस्त को, भद्रा का साया नहीं।
पूरे दिन राखी बांधने का शुभ अवसर मिलेगा।
सुबह 5:57 से 9:48 तक विशेष शुभ मुहूर्त।
जागरण संवाददाता, मधुबनी। Rakhi Bandhne Ka Muhurat : भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन इस बार विशेष शुभ संयोगों के बीच मनाया जाएगा। ज्योतिषीय गणना के अनुसार 28 अगस्त, शुक्रवार को पड़ रहे रक्षाबंधन पर भद्रा का साया नहीं रहेगा।
ऐसे में बहनों को भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने के लिए पूरे दिन अनुकूल समय मिलेगा। खास बात यह है कि इस बार रक्षाबंधन के दिन भद्रा तिथि सूर्योदय से पहले ही समाप्त हो जाएगी।
श्रावण मास की पूर्णिमा को मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर घर-घर तैयारियां शुरू हो गई हैं। बाजार में रक्षाबंधन को लेकर पूरी तरह से रौनक है।
जमकर बहनें अपनी भाइयों के लिए राखी की खरीदारी कर रही हैं। बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हैं।
वहीं भाई भी बहनों की रक्षा और उनके सुख-दुख में साथ देने का संकल्प लेते हैं। यहीं कारण है कि रक्षाबंधन को भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को और मजबूत करने वाला पर्व माना जाता है।
मधुबनी शहर के प्रसिद्ध ज्योतिष राजेश नायक के अनुसार इस वर्ष रक्षाबंधन शुक्रवार को पड़ रहा है। शुक्रवार को मां लक्ष्मी और शुक्र ग्रह से जुड़ा दिन माना जाता है। इसके अलावा रक्षाबंधन के दिन चंद्रमा की पूर्ण कलाओं में स्थिति को भी पारिवारिक और भावनात्मक संबंधों के लिए शुभ माना जा रहा है।
इन संयोगों के कारण इस बार का रक्षाबंधन विशेष फलदायी माना जा रहा है। ज्योतिष राजेश नायक ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन भद्रा काल को विशेष रूप से देखा जाता है।
मान्यता के अनुसार भद्रा काल में राखी बांधने से परहेज किया जाता है। इस बार भद्रा सूर्योदय से पहले ही समाप्त हो जाएगी। इसलिए दिन में राखी बांधने में भद्रा का कोई व्यवधान नहीं रहेगा।
सुबह 5:57 से 9:48 बजे तक विशेष शुभ मुहूर्त
राजेश नायक के अनुसार 28 अगस्त को सूर्योदय के बाद से पूरे दिन राखी बांधी जा सकती है। हालांकि राखी बांधने के लिए विशेष रूप से सुबह 5:57 बजे से 9:48 बजे तक का समय उत्तम रहेगा।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन में शुभ मुहूर्त का विशेष महत्व है। राहुकाल और भद्रा काल में राखी बांधने से आमतौर पर परहेज किया जाता है, इसलिए बहनों को राखी बांधते समय इन अवधियों का ध्यान रखना चाहिए।
