Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    फ्रंट सीट पर नोट गिन रही दारोगा मैडम, पीछे से वीडियो बनाकर कर डाला वायरल; मधुबनी में 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड

    Updated: Thu, 25 Jun 2026 05:48 PM (IST)

    Bihar Police Action:मधुबनी में अवैध वसूली के वायरल वीडियो के आधार पर एसपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला दारोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित ...और पढ़ें

    HighLights

    1. अवैध वसूली के वीडियो पर तीन पुलिसकर्मी निलंबित।

    2. महिला दारोगा सोनल कुमारी रुपये गिनते दिखीं।

    3. अड़रिया संग्राम थाना पहले भी विवादों में रहा।

    संवाद सहयोगी, झंझारपुर (मधुबनी)। Madhubani News: जिले के अड़रिया संग्राम थाना क्षेत्र से जुड़े कथित अवैध वसूली प्रकरण में पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला दारोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

    यह कार्रवाई 23 जून को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो के आधार पर की गई है, जिसमें रुपये की गिनती और आपसी बंटवारे जैसी गतिविधियां दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।

    निलंबित पुलिसकर्मियों में एसआई सोनल कुमारी, महिला सिपाही सौन्दर्या राय और सिपाही गौतम कुमार शामिल हैं। मामले ने पुलिस महकमे में चर्चा तेज कर दी है।

    वीडियो सामने आने के बाद कार्रवाई

    जानकारी के अनुसार 23 जून को इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में एसआई सोनल कुमारी आगे बैठकर रुपये गिनती नजर आ रही हैं। गिनती पूरी होने के बाद वह कुछ नोट अलग कर दोबारा गिनती हैं और पीछे बैठे एक पुलिसकर्मी को देती दिखाई देती हैं।

    वीडियो में कुछ बातचीत भी सुनाई देती है, हालांकि उसकी आवाज स्पष्ट नहीं है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो वाहन में मौजूद किसी अन्य पुलिसकर्मी द्वारा ही रिकॉर्ड किया गया था। हालांकि दैनिक जागरण इसकी पुष्टि नहीं करता है।

    75453e91-17d2-45c6-b66f-9ed580800357

    दो माह पुराना बताया जा रहा वीडियो

    प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो करीब दो माह पुराना बताया जा रहा है। वीडियो के सार्वजनिक होने के बाद पुलिस मुख्यालय स्तर पर मामले को गंभीरता से लिया गया और जांच के बाद संबंधित कर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।

    हालांकि आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि वीडियो में दिखाई गई राशि किस मद की थी, लेकिन संदेह अवैध वसूली और उसके बंटवारे को लेकर जताया जा रहा है।

    पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

    अड़रिया संग्राम थाना इससे पहले भी विवादों में रह चुका है। मई माह में इसी थाने के तत्कालीन थानाध्यक्ष आयुष कुमार झा पर भी रिश्वत लेने के आरोप लगे थे।

    आरोप था कि लाइन हाजिर किए जाने के बावजूद वह 23 मई की रात कार से अड़रिया संग्राम पहुंचे थे और कथित रूप से मवेशी कारोबारियों से पैसे की वसूली कर रहे थे। रात्रि गश्ती दल की गाड़ी पहुंचने पर उनके वहां से चले जाने की बात सामने आई थी।

    खबरें और भी

    बाद में इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई और पुलिस अधीक्षक ने उन्हें निलंबित कर दिया था।

    लगातार दूसरी घटना से उठे सवाल

    दो महीने के भीतर अड़रिया संग्राम थाना क्षेत्र से जुड़े पुलिसकर्मियों पर भ्रष्टाचार के आरोपों में दूसरी बड़ी कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

    सूत्रों के अनुसार यह भी चर्चा है कि कथित रूप से वसूली गई राशि के बंटवारे को लेकर विवाद होने के बाद ही वीडियो सार्वजनिक हुआ, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

    जांच के बाद होगी कार्रवाई

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय और कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।