मुंगेर में हल्दी की रस्म के दौरान दूल्हे को सांप ने डसा, शादी की खुशियां मातम में बदली
मुंगेर के असरगंज में हल्दी की रस्म के दौरान दूल्हे नीरज कुमार को सांप ने डस लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं और पूरे ...और पढ़ें

मुंगेर में हल्दी की रस्म के दौरान सांप ने डसा दूल्हे को, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पंचायत सूत्र, सजुआ (असरगंज)। असरगंज थाना क्षेत्र की सजुआ पंचायत स्थित बड़ी कोरियन गांव में शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। जिस घर में शहनाइयों की गूंज सुनाई दे रही थी, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा है। हल्दी की रस्म के दौरान विषैले सांप के डसने से दूल्हे की मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। दरअसल, बड़ी कोरियन गांव निवासी गणेश सिंह और अर्चना देवी के इकलौते पुत्र नीरज कुमार (25) की शादी बांका जिले के बेलहर प्रखंड स्थित नवाडीह गांव में तय हुई थी। आठ मई को बरात जानी थी। बुधवार की रात घर में हल्दी की रस्म चल रही थी।
रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ लगी थी। घर में खुशी और उत्साह का माहौल था। इसी बीच नीरज के मोबाइल पर काल आया। वह बात करते हुए घर से बाहर निकला, तभी अचानक एक विषैले सांप ने उसे डंस लिया। सांप के काटते ही स्वजन आनन-फानन में उसे असरगंज स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. कामिनी कुमार ने युवक की गंभीर हालत देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया। भागलपुर में इलाज के दौरान नीरज की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
खबरें और भी
गुरुवार को जब स्वजन शव लेकर गांव पहुंचे तो माहौल गमगीन हो गया। गांव की महिलाएं दहाड़ मारकर रोने लगीं। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल था। जिस बेटे की बरात निकलने की तैयारी चल रही थी, उसी का शव घर पहुंचने से हर आंख नम हो गई।
इसके बाद स्वजन नीरज के शव को गांव स्थित विषहरी मंदिर ले गए। वहां झाड़-फूंक और पूजा-अर्चना कर बेटे के जीवित होने की आस में माता-पिता मन्नत मांगते रहे।
ग्रामीणों की भीड़ मंदिर परिसर में जुटी रही। घटना की सूचना मिलने पर असरगंज थानाध्यक्ष विपुल कुमार, दरोगा प्रियंका कुमारी और पीटीसी चंदन कुमार गांव पहुंचे तथा स्वजनों से घटना की जानकारी ली। गांव में दिनभर मातमी सन्नाटा पसरा रहा।