दिल्ली से लापता 3 सहेलियां मुंगेर में मिली, डांट से नाराज होकर बिना टिकट ट्रेन से पहुंची बिहार
दिल्ली से एक सप्ताह पहले लापता हुईं तीन नाबालिग सहेलियों को मुंगेर के असरगंज में पुलिस ने बरामद किया। पढ़ाई को लेकर माता-पिता की डांट से नाराज होकर वे ...और पढ़ें

लापता 3 सहेलियां मुंगेर में मिली ( एआई जेनरेटेड तस्वीर )
HighLights
दिल्ली से लापता तीन नाबालिग सहेलियां मुंगेर में मिलीं।
पढ़ाई पर डांट से नाराज होकर घर से निकली थीं।
पुलिस ने बरामद कर बाल कल्याण समिति को सौंपा।
संवाद सहयोगी, असरगंज (मुंगेर)। दिल्ली से एक सप्ताह पहले लापता हुईं तीन नाबालिग सहेलियों को असरगंज पुलिस ने सतर्कता और सूझबूझ से बरामद कर लिया। अद्रास गांव के समीप घूम रही तीनों किशोरियों को पुलिस ने सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। बाद में कानूनी प्रक्रिया पूरी कर तीनों को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) मुंगेर के सुपुर्द कर दिया गया।
प्रभारी थानाध्यक्ष प्रियंका कुमारी ने बताया कि नियमित गश्ती के दौरान पुलिस टीम की नजर अद्रास गांव के बाहर सुनसान इलाके में घूम रही तीन किशोरियों पर पड़ी। पूछताछ में पहले तीनों ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपनी पूरी कहानी बता दी।
डांट से नाराज होकर छोड़ दिया था घर
किशोरियों ने बताया कि वे दिल्ली की सागरपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं। तीनों की उम्र करीब 16 वर्ष है। पढ़ाई को लेकर माता-पिता की डांट-फटकार से नाराज होकर वे घर से निकल गई थीं। उनके पास न मोबाइल था और न ही पैसे। बिना टिकट विक्रमशिला एक्सप्रेस से सुल्तानगंज पहुंची। एक सहेली ने अद्रास गांव में अपनी दादी का घर होने की बात बताई थी, जिसके बाद तीनों वहीं पहुंच गईं।
गुमशुदगी पहले ही दर्ज करा चुके थे स्वजन
पुलिस ने किशोरियों से स्वजन का मोबाइल नंबर लेकर संपर्क किया। स्वजन ने बताया कि तीनों के लापता होने के बाद दिल्ली के सागरपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बेटियों के सकुशल मिलने की सूचना पर स्वजनों ने असरगंज पुलिस का आभार जताया।
खबरें और भी
प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि वरीय अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी देने के बाद सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। तीनों नाबालिगों को महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में बाल कल्याण समिति को सुपुर्द कर दिया गया है। साथ ही उनकी बरामदगी की सूचना दिल्ली पुलिस को भी भेज दी गई है।