Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुंगेर एनएच-80 पर सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को पिकअप ने रौंदा, मौत, आक्रोश‍ित लोगों ने एनएच-80 को किया जाम

    Updated: Sun, 31 May 2026 12:47 PM (GMT+05:30)

    मुंगेर के हेमजापुर थाना क्षेत्र में NH-80 पर एक बुजुर्ग को तेज रफ्तार पिकअप ने रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्राम ...और पढ़ें

    मुंगेर में पिकअप की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, कार्रवाई की मांग पर ग्रामीणों का प्रदर्शन

    मुंगेर में पिकअप की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, कार्रवाई की मांग पर ग्रामीणों का प्रदर्शन

    HighLights

    1. मुंगेर में NH-80 पर सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत।

    2. तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से लुखो सिंह की जान गई।

    3. आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-80 जाम कर मुआवजे की मांग की।

    संवाद सूत्र, धरहरा (मुंगेर)। हेमजापुर थाना क्षेत्र के शिवकुंड निषाद टोला में रविवार सुबह सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए मुंगेर-लखीसराय एनएच-80 को जाम कर दिया।

    मृतक की पहचान शिवकुंड निषाद टोला निवासी लुखो सिंह (75) के रूप में हुई है। घटना के बाद स्वजन में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक का माहौल है।

    सड़क पार करने के दौरान हुआ हादसा

    जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 5:30 बजे लुखो सिंह सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान लखीसराय की ओर से मुंगेर जा रही एक पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।

    हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए।

    ग्रामीणों ने किया एनएच-80 जाम

    घटना से नाराज ग्रामीणों ने मुआवजा और दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुंगेर-लखीसराय राष्ट्रीय राजमार्ग-80 को जाम कर दिया। करीब 10 मिनट तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।

    ग्रामीणों का कहना था कि सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

    प्रशासन के आश्वासन पर शांत हुए लोग

    घटना की सूचना मिलते ही हेमजापुर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद एनएच-80 पर यातायात सामान्य हो सका।

    खबरें और भी

    मृतक के स्वजन को मिली सहायता राशि

    मौके पर पहुंचे अंचल अधिकारी बिरेंद्र कुमार ने पारिवारिक लाभ योजना के तहत मृतक के पुत्र राजेश सिंह को तत्काल 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की।

    वहीं, हेमजापुर थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि अज्ञात पिकअप चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।