विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कब किसके घर पड़ेगा डाका कहना मुश्किल! जमालपुर की जनता का सवाल- पुलिस कर क्या रही, गश्ती या मटरगश्ती

Published: Tue, 22 Sep 2026 09:38 PM (IST)

Jamalpur Crime Wave Robbery Theft Lottery Brown Sugar Police Patrol Missing: जमालपुर में अवैध धंधों और युवा संलिप्तता के कारण ...और पढ़ें

Jamalpur Crime Wave Robbery Theft Lottery Brown Sugar Police Patrol Missing: जमालपुर में बढ़ती चोरी व डकैती की घटनाओं ।

Jamalpur Crime Wave Robbery Theft Lottery Brown Sugar Police Patrol Missing: जमालपुर में बढ़ती चोरी व डकैती की घटनाओं 

HighLights

  1. जमालपुर में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा, नागरिकों में खौफ।

  2. अवैध लाटरी, जुआ, शराब, स्मैक अपराध बढ़ने के मुख्य कारण।

  3. रिटायर्ड प्रधानाचार्य के घर डकैती ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाए।

संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। जमालपुर शहर और इसके आसपास के इलाकों में अपराध का ग्राफ जिस तेजी से ऊपर चढ़ रहा है, उससे आम नागरिकों में गहरे खौफ और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

शहर में खुलेआम पनप रहे अवैध लाटरी, जुआ, अवैध शराब और घातक स्मैक/ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री ने अपराध की आग में घी डालने का काम किया है। आलम यह है कि हाल के कुछ महीनों में लगातार हुई चोरी व डकैती की वारदातों ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि कब, किसके घर डाका पड़ जाए या चोरी हो जाए, यह कहना मुश्किल हो गया है।

मंगलवार की अल सुबह रिटायर प्रधानाचार्य के घर हुई भीषण डकैती की घटना ने पुलिसिया इकबाल की धज्जियां उड़ा दीं। वारदात को 18 से 22 वर्ष की उम्र के महज 5 हथियारबंद बदमाशों ने अंजाम दिया।

अपराधी करीब 45 मिनट तक बेखौफ होकर घर में तांडव मचाते और लूटपाट करते रहे, जबकि पुलिस की रात्रि गश्ती दल को इसकी भनक तक नहीं लगी। इस घटना ने साबित कर दिया है कि जमालपुर में गश्ती के नाम पर महज खानापूर्ति की जा रही है।

अवैध कारोबार और ब्राउन शुगर की गिरफ्त में युवा, जड़ तक नहीं पहुंच पा रही पुलिस

जमालपुर, ईस्ट कालोनी और सफियासराय थाना क्षेत्रों के विभिन्न चौराहों व मोहल्लों में अवैध लाटरी, जुआ और ब्राउन शुगर का नेटवर्क तेज़ी से फैल चुका है। कम समय में नशे की लत और जुए के शौक को पूरा करने के लिए 18 से 22 साल के नौजवान चोरी और डकैती जैसे संगीन अपराधों का रास्ता चुन रहे हैं।

स्थानीय लोगों, सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस सिर्फ छिटपुट कार्रवाई का दावा करती है, लेकिन इस अवैध नेटवर्क के असली आकाओं और सरगनाओं तक पहुंचने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।

क्राइम फाइल: जून से सितंबर तक जमालपुर में हुई चोरी की प्रमुख वारदातें

  • 6 जून: जमालपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर बस्ती में अपर थानाध्यक्ष टीपू सुल्तान के किराए के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने 5 लाख की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।

  • 28 जून: दौलतपुर स्थित सोनू शर्मा के हार्डवेयर गोदाम में 5 लाख की चोरी हुई। (मालिक ने एक चोर को पकड़कर पुलिस को सौंपा)।

  • 1 जुलाई: शिवपुरी कालोनी में रेलकर्मी अमरजीत के मकान से करीब 1 लाख रुपये की संपत्ति चोरी।

  • 18 जुलाई: रामपुर रेल कालोनी (314 GH) में रेलकर्मी अमरजीत कुमार के बंद क्वार्टर का दिनदहाड़े ताला तोड़कर 40 हजार नकद चुराए गए।

  • 14 अगस्त: रामपुर कालोनी (क्वार्टर 450 CD) निवासी महिला रेलकर्मी मानु कुमारी के क्वार्टर से 1 लाख की संपत्ति गायब।

  • 15 अगस्त: केशोपुर निवासी खुशी कुमारी के घर से सोना-चांदी व कीमती सामान चोरी (स्थानीय लोगों ने एक चोर को पुलिस के हवाले किया)।

  • 12 सितंबर: दरियापुर में रेलकर्मी गौतम कुमार के घर का ताला तोड़कर 70 हजार रुपये की संपत्ति पर चोरों ने हाथ साफ किया।

  • शहर में बेलगाम होते चोरों और फल-फूल रहे अवैध धंधों पर अगर पुलिस प्रशासन ने तुरंत ठोस और कड़ी कार्रवाई नहीं की, तो स्थिति और भी भयानक हो सकती है। स्थानीय जनता ने मुंगेर एसपी से रात्रि गश्ती को दुरुस्त करने और नशे के सौदागरों पर नकेल कसने की पुरजोर मांग की है।