Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    इंटरसिटी, फरक्का व विक्रमशिला एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें विलंब, गर्मी में जमालपुर रेलवे जंक्शन पर यात्री रहे परेशान

    Updated: Tue, 19 May 2026 04:05 PM (IST)

    जमालपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का विलंब से परिचालन यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है, जिससे गर्मी में बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक प्रभा ...और पढ़ें

    जमालपुर रेलवे जंक्शन पर ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री परेशान

    जमालपुर रेलवे जंक्शन पर ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री परेशान

    संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। जमालपुर रेलवे स्टेशन पर इन दिनों ट्रेनों का विलंब से परिचालन यात्रियों के लिए गंभीर परेशानी बन गया है। एक्सप्रेस से लेकर पैसेंजर ट्रेनें तक निर्धारित समय से आधा घंटा से लेकर तीन घंटे तक देरी से चल रही हैं। इसके कारण यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर लंबा समय बिताना पड़ रहा है, जिससे विशेषकर गर्मियों की भीषण तपिश में बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हो रही हैं।

    दानापुर-साहिबगंज इंटरसिटी और फरक्का एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें भी स्टेशन पर निर्धारित समय से करीब तीन घंटे विलंब से पहुंच रही हैं। इससे यात्रियों को देर रात तक प्लेटफॉर्म पर इंतजार करना पड़ रहा है। कई यात्री ट्रेन की सूचना पाने के लिए बार-बार पूछताछ केंद्र का चक्कर लगाते दिख रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि पिछले एक महीने से यह विलंब लगातार जारी है, जिससे दैनिक यात्रियों के साथ लंबी दूरी की यात्रा करने वालों को भी कठिनाई उठानी पड़ रही है।

    विलंब के कारण यात्रियों की सुविधाओं पर भी असर पड़ा है। स्टेशन परिसर में पीने के पानी और खाने-पीने की व्यवस्थाएं पूरी तरह व्यावसायिक हो गई हैं। प्लेटफॉर्म पर घंटों रुकने के कारण यात्रियों को ठंडा पानी, चाय, स्नैक्स आदि खरीदने पड़ रहे हैं, जिससे उनकी जेब भी ढीली हो रही है। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से अनुरोध किया है कि समय पर ट्रेनों के संचालन को सुनिश्चित किया जाए और यात्रियों की समस्याओं का समाधान किया जाए।

    जमालपुर स्टेशन पर विलंब से चलने वाली ट्रेनों में विक्रमशिला एक्सप्रेस, गरीब रथ, पटना-दुमका, लोकमान्य तिलक, ब्रह्मपुत्र मेल, कामाख्या-गया, मालदा-पटना और कविगुरु एक्सप्रेस सहित कई पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। यात्रियों का कहना है कि ट्रेनें समय पर नहीं आने के कारण उनकी योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। बच्चों के स्कूल जाने, कर्मचारियों के कार्यालय पहुंचने और अन्य जरूरी कामों में भी विलंब हो रहा है।

    खबरें और भी

    रेलवे प्रशासन ने कहा है कि तकनीकी कारणों और मार्ग में हो रहे मरम्मत कार्यों के चलते ट्रेनों में विलंब हो रहा है। प्रशासन ने यात्रियों से धैर्य रखने की अपील की है और कहा कि रेलवे स्टाफ समय पर जानकारी देने का प्रयास कर रहा है। बावजूद इसके यात्रियों की नाराजगी कम नहीं हो रही है।

    जमालपुर स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ और ट्रेनों की लेटलतीफी के बीच स्टेशन प्रशासन को यात्रियों की सुविधा के लिए ठंडा पानी, शेड और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को और मजबूत करने की आवश्यकता है। इस समस्या के समाधान के लिए लंबी अवधि की योजना तैयार की जानी चाहिए ताकि यात्रियों को रोजाना होने वाली असुविधा से राहत मिल सके।