Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुंगेर : डरी-सहमी ANM ने पीएचसी में ड्यूटी बंद की, कहा- नशेड़ियों के बीच काम नहीं कर सकते

    Updated: Thu, 12 Mar 2026 06:29 PM (IST)

    मुंगेर के जमालपुर में हलीमपुर-गौरीपुर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में तैनात एएनएम ने शराब के नशे में धुत एक युवक द्वारा अभद्र व्यवहार के बाद ड्यूटी करने से ...और पढ़ें

    प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को इस्तीफा सौंपते बीसीएम आशुतोष कुमार

    प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को इस्तीफा सौंपते बीसीएम आशुतोष कुमार

    संवाद सूत्र, जमालपुर (मुंगेर)। प्रखंड के इंद्रूख पंचायत स्थित हलीमपुर-गौरीपुर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब केंद्र पर तैनात एएनएम डरी-सहमी हालत में जमालपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गईं। एएनएम ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. संजय कुमार सुमन से साफ कहा कि केंद्र पर उनकी सुरक्षा और सम्मान दोनों खतरे में हैं, ऐसे में वहां ड्यूटी करना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि वे केंद्र में ताला लगाकर आई हैं और मौजूदा परिस्थिति में वहां कार्य करना उनके लिए सुरक्षित नहीं है। एएनएम की बात सुनकर स्वास्थ्य केंद्र के कर्मी भी हैरान रह गए।

    जानकारी के अनुसार गुरुवार को शराब के नशे में धुत एक युवक हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पहुंच गया और वहां कार्यरत एएनएम प्रीति व निहारिका के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। आरोप है कि युवक ने दोनों स्वास्थ्यकर्मियों के साथ बदसलूकी भी की, जिससे वे भयभीत हो गईं।

    हेल्थ सेंटर बंद, डीएम-सीएस को भेजी जाएगी रिपोर्ट

    स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि हाल ही में एक्सपायरी दवा के मामले में जांच टीम द्वारा जांच की गई थी और इसकी रिपोर्ट सिविल सर्जन को सौंपी जा चुकी है। जांच में निर्दोष पाए जाने के बावजूद कुछ लोग लगातार उन्हें निशाना बना रहे हैं। कर्मियों का आरोप है कि यह पूरी घटना एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा हो सकती है, जिससे उनका मनोबल टूट गया है।

    इधर, जमालपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक (बीसीएम) आशुतोष कुमार ने भी प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर अपना इस्तीफा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को सौंप दिया है। बीसीएम ने कहा कि वे लोग हमेशा मरीजों की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी छवि खराब करने की साजिश रची जा रही है। इससे उनके परिवार के लोग भी तनाव में हैं।

    खबरें और भी

    घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. संजय कुमार सुमन ने बताया कि असामाजिक तत्वों द्वारा संस्थान की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर फिलहाल हलीमपुर-गौरीपुर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की रिपोर्ट सिविल सर्जन और जिलाधिकारी को भेजी जा रही है, ताकि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो सके और स्वास्थ्यकर्मियों को सुरक्षित माहौल मिल सके।

    कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार या बदसलूकी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी बातें सामने आती है तो दोषियों की पहचान कर केस दर्ज कराया जाएगा।

    -

    निखिल धनराज निप्पाणीकर, डीएम