मुंगेर में 11.11 लाख दीपों से बनेगा इतिहास, कल्याणपुर में राज्य का सबसे बड़ा दीपोत्सव, CM सम्राट करेंगे शुभारंभ
बिहार के मुंगेर जिले के कल्याणपुर में छोटी दीपावली पर राज्य का सबसे बड़ा दीपोत्सव आयोजित होगा, जिसमें 11 लाख ...और पढ़ें
HighLights
कल्याणपुर में 11 लाख 11 हजार 111 दीप प्रज्वलित होंगे।
यह बिहार का सबसे बड़ा और भव्य दीपोत्सव होगा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे दीपोत्सव का विधिवत शुभारंभ।
जागरण संवाददाता, मुंगेर। बिहार के मुंगेर जिले के कल्याणपुर में इस बार की छोटी दीपावली ऐतिहासिक होने जा रही है। सात नवंबर को कल्याणपुर में राज्य का सबसे बड़ा और भव्य दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसमें एक साथ 11 लाख 11 हजार 111 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
खास बात यह है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 11 हजार 111 अधिक दीप जलाए जा रहे हैं। इस अद्भुत और अलौकिक दीपोत्सव को देखने के लिए मुंगेर के अलावा भागलपुर, खगड़िया, बांका और जमुई सहित कई अन्य जिलों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और बच्चे पहुंचेंगे।
40 हजार लीटर तिल तेल और 45 क्विंटल घी का उपयोग
इस भव्य आयोजन की तैयारी अंतिम चरण में है और कल्याणपुर यूथ क्लब के सदस्यों व ग्रामीणों के सहयोग से दीपों को सजाने का काम तेजी से चल रहा है। बर्नेंट होम्योपैथी प्राइवेट लिमिटेड सह हरिओम होमियो के प्रबंध निदेशक व होम्योपैथ चिकित्सक डॉ. नीतीश चंद्र दुबे ने बताया कि कल्याणपुर बड़ी महारानी के प्रति लोगों में अगाध श्रद्धा और विश्वास है। हर वर्ष इस दीपोत्सव का दायरा और दीपों का कारवां बढ़ता जा रहा है।
इस विशाल आयोजन को सफल बनाने के लिए मुंगेर के साथ-साथ अन्य जिलों के कुम्कारों से भी विशेष रूप से दीप तैयार कराए गए हैं। इन सभी दीयों को प्रज्वलित करने के लिए 40 हजार लीटर से अधिक तिल तेल और 45 क्विंटल घी का उपयोग किया जा रहा है।
दीपोत्सव का विधिवत शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे, जबकि आयोजन के बाद मां गंगा की भव्य महाआरती की जाएगी। दूर-दराज के लोग इस दीपोत्सव का आनंद ले सकें, इसके लिए इसका लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
सामाजिक समरसता और एकता का प्रतीक: ललन सिंह
इस ऐतिहासिक आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री सह सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि कल्याणपुर गांव में यूथ क्लब द्वारा हर वर्ष की भांति इस बार भी राज्य का सबसे बड़ा दीपोत्सव मनाया जा रहा है, जो आपसी एकता और सामाजिक समरसता का अनूठा उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में नई खुशियों और उमंग का संचार करता है। अंधकार को दूर कर प्रकाश की ओर ले जाने वाले इस महापर्व पर उन्होंने डॉ. नीतीश चंद्र दुबे और कल्याणपुर यूथ क्लब के सभी सदस्यों को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई दी है।
आयोजन को सफल बनाने में अमित दुबे, डुलडुल सिंह, शशिरंजन दुबे, गुलाब सिंह, मनीष सिन्हा, आलोक दीक्षित, मृत्युंजय दुबे, प्रशांत दुबे, बंटी दुबे, सुदामा चौधरी, मिथिलेश मंडल, राजा बाबू, कृष्णमोहन दुबे, चंदन दुबे और रमेश तिवारी सहित तमाम ग्रामीण जुटे हुए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।