Munger News: मुंगेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नकली सिगरेट फैक्ट्री का भंडाफोड़; 85 लाख कैश बरामद
मुंगेर पुलिस ने नकली सिगरेट निर्माण और तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। नयागांव में छापेमारी कर नकली ...और पढ़ें

बरामद निकली सिगरेट के साथ गिरफ्तार अपराधी व एसपी
HighLights
मुंगेर पुलिस ने नकली सिगरेट फैक्ट्री का किया भंडाफोड़
भारी मात्रा में नकली सिगरेट बनाने का सामान बरामद
मौके से तीन आरोपित गिरफ्तार, जांच जारी
संवाद सहयोगी, मुंगेर। जिले में नकली सिगरेट निर्माण और तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वासदेवपुर थाना पुलिस ने गुरुवार की सुबह नयागांव इलाके में छापेमारी कर नकली सिगरेट निर्माण का खुलासा किया। इस कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में नकली सिगरेट बनाने में प्रयुक्त सामान, बड़ी मात्रा में नकद राशि और हथियार बरामद किया है।
इसके साथ ही मौके से तीन आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी लंबे समय से चोरी-छिपे नकली सिगरेट का निर्माण और उसके मैटेरियल की सप्लाई में लगे हुए थे।
पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान 3800 खाली सिगरेट के डिब्बे, 900 पैकिंग रैपर, 17 राल, नकद 85 लाख 50 हजार रुपये, चार हथियार और 20 कारतूस बरामद किए गए हैं। बरामद सामग्री से यह साफ है कि यहां संगठित तरीके से बड़े पैमाने पर नकली सिगरेट का निर्माण किया जा रहा था। जिसकी सप्लाई बिहार के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी की जा रही थी।
वासदेवपुर थानाध्यक्ष अजय कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि नयागांव निवासी मु. तौफिक और मु. अकबर के गोदाम में अवैध रूप से नकली सिगरेट बनाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी तुरंत पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद को दी गई। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ अभिषेक आनंद के नेतृत्व में डीएसपी अभिषेक चौबे, थानाध्यक्ष अजय कुमार सहित पुलिस बल ने चिह्नित स्थानों की घेराबंदी कर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने नयागांव निवासी मु. अकबर, मु. तौफिक और मु. मुफीद को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मु. अकबर आईटीसी कंपनी में कांन्ट्रैक्ट पर काम करता था और उसे वेस्ट मेटेरियल को डिस्पोज करने की जिम्मेदारी मिली थी, लेकिन उसने वेस्ट मेटेरियल को नष्ट करने के बजाय अपने भाई मु. तौफिक के सहयोग से बाहर निकाल लिया। इसी मेटेरियल से नकली सिगरेट का निर्माण कर उसे भागलपुर, ओडिशा और पटना तक सप्लाई किया जा रहा था।
एसपी ने बताया कि यह छापेमारी दंडाधिकारी की मौजूदगी में की गई है। बरामद नकद राशि के संबंध में आयकर विभाग और जीएसटी विभाग को सूचना दे दी गई है। नकली सिगरेट निर्माण में अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिनकी पहचान कर ली गई है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि हाल के दिनों में पूरबसराय थाना क्षेत्र में पुलिस की विशेष टीम ने दो बार छापेमारी कर 50 लाख रुपये से अधिक की नकली सिगरेट जब्त किया था और एक आरोपित की गिरफ्तारी हुई थी। उस मामले की भी दोबारा जांच कर चिह्नित ठिकानों पर छापेमारी की जाएगी। एसपी ने स्पष्ट किया कि अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।