Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुंगेर पुलिस व ITC की रेड : नामी ब्रांड की नकली सिगरेट बनाने वाले रैकेट का पर्दाफाश, 10 लाख के साथ धंधेबाज गिरफ्तार

    Updated: Wed, 01 Jul 2026 08:35 PM (GMT+05:30)

    मुंगेर के दिलावरपुर में ITC और स्थानीय पुलिस ने नकली सिगरेट बनाने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। छापेमारी में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर 9.52 ...और पढ़ें

    मुंगेर में नकली सिगरेट के बड़े रैकेट का भंडाफोड़: छापेमारी में 9.52 लाख नकद और भारी मात्रा में माल जब्त, एक अरेस्ट

    मुंगेर में नकली सिगरेट के बड़े रैकेट का भंडाफोड़: छापेमारी में 9.52 लाख नकद और भारी मात्रा में माल जब्त, एक अरेस्ट

    HighLights

    1. ITC और पुलिस ने नकली सिगरेट रैकेट का पर्दाफाश किया।

    2. मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 9.52 लाख रुपये नकद बरामद हुए।

    3. मुंगेर में नकली सिगरेट का अवैध कारोबार जारी है।

    संवाद सहयोगी, मुंगेर। मुंगेर में इंडियन टोबैको कंपनी (आइटीसी) की फैक्ट्री होने के बावजूद यहां नकली सिगरेट का अवैध कारोबार तेजी से फैल रहा है। बुधवार को पूरबसराय थाना क्षेत्र के दिलावरपुर में आइटीसी कोलकाता और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर नकली सिगरेट के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है।

    पैकिंग करते रंगेहाथ दबोचा गया मुख्य आरोपी

    पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि आइटीसी कोलकाता के प्रबंधक सुनील कुमार से नकली सिगरेट के ठिकानों की सटीक सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और डीआइयू की टीम ने दिलावरपुर स्थित मु. महफूज आलम के घर पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान मु. महफूज आलम को नकली सिगरेट की पैकिंग करते हुए रंगेहाथ दबोच लिया गया।

    मौके से 9.52 लाख रुपये कैश और भारी माल बरामद

    इस बड़ी छापेमारी में पुलिस ने मौके से नामी 'गोल्ड फ्लैक' ब्रांड की 240 डिब्बे तैयार नकली सिगरेट, करीब दो हजार खाली डिब्बे, सात हजार रैपर और 9 लाख 52 हजार रुपये की भारी-भरकम नकदी बरामद की है। हालांकि, मुख्य आरोपी का सहयोगी मु. साकिब पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

    लंबे समय से बाजार में खपाई जा रही थी नकली सिगरेट

    बरामद की गई भारी मात्रा में पैकिंग सामग्री और नकद रुपयों से साफ स्पष्ट है कि इलाके में लंबे समय से संगठित तरीके से नकली सिगरेट तैयार कर बाजार में सप्लाई की जा रही थी। पुलिस फरार आरोपी साकिब की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और उसके संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है।

    खबरें और भी

    लगातार पुलिसिया कार्रवाई के बाद भी नहीं थम रहा धंधा

    दिलावरपुर इलाके में नकली सिगरेट बनाने का यह काला धंधा कोई नया नहीं है। इससे पहले भी पूरबसराय थाना पुलिस तीन अलग-अलग मामलों में इस अवैध धंधे में शामिल आरोपियों को जेल भेज चुकी है। इसके बावजूद इस नेटवर्क का दोबारा सक्रिय हो जाना पुलिस प्रशासन की सख्ती और जांच पर कई गंभीर सवाल खड़े करता है।

    पूरे सिंडिकेट की जड़ तक पहुंचने में जुटी पुलिस टीम

    स्थानीय निवासियों का कहना है कि अगर पुरानी कार्रवाइयों के दौरान ही इस धंधे की मुख्य जड़ और सप्लायरों पर नकेल कसी गई होती, तो यह नेटवर्क दोबारा खड़ा नहीं हो पाता। बहरहाल, पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य बड़े चेहरों को बेनकाब किया जा सके।