Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जिसके कंधों पर सुरक्षा का भार, उन्हें भी नहीं छोड़ रहे बदमाश, मुंगेर में पुलिस अधिकारी के घर से गहने और नकदी गायब

    Updated: Sun, 07 Jun 2026 09:12 PM (IST)

    जमालपुर में एक अपर थानाध्यक्ष के किराए के मकान में लाखों रुपये के जेवरात और नकदी की चोरी हो गई। इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े ...और पढ़ें

    पुलिस अफसर के घर सेंधमारी, लाखों की संपत्ति लेकर फरार हुए चोर

    पुलिस अफसर के घर सेंधमारी, लाखों की संपत्ति लेकर फरार हुए चोर

    HighLights

    1. जमालपुर में अपर थानाध्यक्ष के घर लाखों की चोरी।

    2. पुलिस अधिकारी के मकान से जेवरात और नकदी गायब।

    3. घटना से शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल।

    संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। जमालपुर शहर में चोरों के बढ़ते दुस्साहस का एक और मामला सामने आया है। इस बार बदमाशों ने पुलिस अधिकारी के ही घर को निशाना बनाकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जमालपुर थाना के अपर थानाध्यक्ष के किराये के मकान में चोरी कर बदमाश लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    जानकारी के अनुसार, पटना के कंकड़बाग निवासी टीपू सुल्तान वर्तमान में जमालपुर थाना में पुलिस अवर निरीक्षक सह अपर थानाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। वह शहर के छोटी दौलतपुर क्षेत्र में वी-मार्ट के पीछे स्थित एक किराये के मकान में रहते हैं। बताया गया कि 16 मई को एक कांड के अनुसंधान के सिलसिले में उन्हें बाहर जाना पड़ा था। घर से निकलने से पहले उन्होंने मकान में ताला लगा दिया था।

    करीब 20 दिन बाद, पांच जून को पड़ोसियों ने मकान का मुख्य गेट और कमरे का ताला टूटा हुआ देखा। इसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना मकान की देखरेख कर रहे मधुकांत झा को दी। सूचना मिलते ही मधुकांत झा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी अपर थानाध्यक्ष टीपू सुल्तान को भी दी गई।

    सूचना मिलने के बाद छह जून को टीपू सुल्तान स्वयं जमालपुर पहुंचे और कमरे की जांच की। जांच के दौरान घर के अंदर का नजारा देखकर वह भी हैरान रह गए। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी सहित कई सामानों के ताले टूटे हुए थे। प्रथम दृष्टया स्पष्ट हो गया कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से घर में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।

    खबरें और भी

    गोदरेज का ताला तोड़कर उड़ाए जेवर और नकदी

    पीड़ित अधिकारी के अनुसार, चोरों ने गोदरेज अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामानों में दो सोने की अंगूठी, चार सोने की कनबाली, एक मंगलसूत्र, दो चांदी की पायल, एक चांदी का ब्रेसलेट और 10 हजार रुपये नकद शामिल हैं। चोरी गए जेवरों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

    घटना के बाद इलाके में भी दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पुलिस अधिकारी का घर ही सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता स्वाभाविक है। वहीं, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है।

    जांच में जुटी पुलिस, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

    पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। साथ ही, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों तक पहुंचा जा सके।

    इस घटना ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का मानना है कि चोरों के बढ़ते हौसले पर लगाम लगाने के लिए पुलिस को और अधिक सतर्कता बरतने की जरूरत है। फिलहाल पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।