मुंगेर में दारोगा की पत्नी की मौत मामले में आया नया मोड़, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी में उलझी पुलिस; पति गिरफ्तार
दारोगा चंदन कुमार की पत्नी मधु कुमारी की गोली लगने से मौत का मामला अब हत्या में बदल गया है। पहले आत्महत्या मानी जा रही थी, लेकिन मायके वालों ने दहेज उ ...और पढ़ें

पत्नी के साथ दारोगा चंदन कुमार। (सौजन्य : स्वजन)
HighLights
दारोगा चंदन कुमार की पत्नी मधु कुमारी की मौत।
मायके वालों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया।
दारोगा चंदन कुमार गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। सफियासराय थाना में तैनात दारोगा चंदन कुमार की पत्नी मधु कुमारी की गोली लगने से मौत मामले ने तूल पकड़ लिया है।
11 अप्रैल की शाम पति के सर्विस रिवाल्वर से गोली लगने के बाद मधु की मौत हो गई थी। प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या बताया जा रहा था, लेकिन घटना ने देर रात उस समय नया मोड़ ले लिया, जब जमालपुर पहुंचे मायके पक्ष ने इसे सिरे से हत्या करार देते हुए दारोगा दामाद पर गंभीर आरोप लगाए।
पिता रंजीत कुमार ने अपने दामाद चंदन कुमार पर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और एक महिला दारोगा के साथ संबंध के कारण घर में लगातार विवाद होता था।
बेटी की हुई हत्या
पिता ने कहा कि इसी साजिश के तहत उनकी बेटी की हत्या की गई है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद दारोगा चंदन कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे जेल भेज दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पोस्टमार्टम के लिए तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड का गठन किया है। इस बोर्ड में डॉ. रमन, डॉ. रुपेश और डॉ. शशांक को शामिल किया गया।

परिवार वालों से पूछताछ करती पुलिस। जागरण
चिकित्सक के अनुसार मधु को गोली छाती के बीचों-बीच लगी और पीठ से सीधा निकली है। इससे कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। गोली लगने की स्थिति और परिस्थितियां अब जांच का अहम आधार बनेंगी।
जदयू विधायक से रिश्ता
वहीं, एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से साक्ष्य जुटाए हैं। सर्विस रिवाल्वर को भी जब्त कर लिया गया है और उसकी तकनीकी जांच की जा रही है। बताया जाता है कि मधु हसनपुर के जदयू विधायक राजकुमार राय की रिश्ते में भतीजी भी लगती है।
खबरें और भी
हालांकि, परिवार वालों ने इस पर बोलने से इनकार किया है। मधु के पिता समस्तीपुर जिले के बिथान थाना क्षेत्र के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि सात फरवरी 2025 को अपनी बेटी की शादी बेतिया जिला के मैनाताड़ निवासी दारोगा चंदन कुमार से की थी।
शादी के शुरुआती कुछ महीने सामान्य रहे, लेकिन बाद में संबंधों में तनाव बढ़ता गया। मायके पक्ष के अनुसार, सफियासराय में पोस्टिंग से पहले ही चंदन कुमार का एक महिला दारोगा से संबंध हो गया था, जिसका मधु लगातार विरोध करती थी।
इसी मुद्दे को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। स्वजन का आरोप है कि यही विवाद पूरे प्रकरण की वजह बनी। इधर, पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के निष्कर्षों के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से जांच में जुटी है।
मधु के पिता के बयान पर दरोगा चंदन कुमार के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और साजिश के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपित को जेल भेज दिया गया है। एक महिला दारोगा का भी नाम पिता ने आवेदन में लिखा है। जांच के दौरान जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सैयद इमरान मसूद, एसपी