विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगेर में दिनदहाड़े हथियार के बल पर लूट, ज्वेलरी कर्मी से 6 किलो चांदी लूटकर फरार हुए बदमाश, जांच में जुटे SP

Published: Wed, 28 Oct 2026 09:06 PM (IST)

मुंगेर के संग्रामपुर में दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने 'ओम ज्वेलर्स' के कर्मचारी से लगभग छह किलो चांदी लूट ली। घटना ...और पढ़ें

एआई से निर्मित तस्वीर

एआई से निर्मित तस्वीर

HighLights

  1. संग्रामपुर में दिनदहाड़े 6 किलो चांदी की लूट।

  2. 'ओम ज्वेलर्स' के कर्मी को हथियार के बल पर रोका।

  3. पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए।

संवाद सहयोगी, संग्रामपुर (मुंगेर)। मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नवगाई स्थित मुर्गा फार्म के समीप बुधवार अपराह्न करीब 2:30 बजे बेखौफ हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम दिया।

अपराधियों ने पिस्टल का भय दिखाकर तारापुर के प्रसिद्ध 'ओम ज्वेलर्स' के एक कर्मी को रोक लिया और उससे लगभग छह किलो चांदी लूटकर फरार हो गए। इस दुस्साहसिक घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओम ज्वेलर्स का कर्मी प्रतिदिन की भांति बुधवार को भी तारापुर से निकलकर संग्रामपुर, बेलहर और साहेबगंज सहित विभिन्न ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की आभूषण दुकानों में चांदी के सामानों की आपूर्ति करने जा रहा था।

इसी दौरान नवगाई स्थित मुर्गा फार्म के पास घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे हथियार के बल पर रोक लिया और चांदी से भरा थैला लूटकर आसानी से चंपत हो गए।

पुलिस अधीक्षक ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज लूट की सूचना मिलते ही पीड़ित कर्मी ने तुरंत संग्रामपुर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। खबर मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मामले की छानबीन शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुंगेर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को भी तुरंत अवगत कराया गया, जिसके बाद एसपी खुद घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लेते हुए त्वरित उद्भेदन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस की कार्रवाई और आवेदन का इंतजार

इस संबंध में संग्रामपुर के थानाध्यक्ष विनोद कुमार झा ने बताया कि संबंधित ज्वेलर्स के प्रोपराइटर की ओर से अभी तक थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया गया है।

आवेदन प्राप्त होने के बाद ही लूटी गई चांदी की सटीक मात्रा और अन्य सभी तथ्यों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों की पहचान के लिए सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

इधर, थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना से स्थानीय व्यवसायियों और ग्रामीणों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त की कमी के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

यह भी पढ़ें- मुंगेर में झींगा मछली का सफल उत्पादन, भागलपुर के बाद अब दार्जिलिंग तक पहुंची सप्लाई, किसानों को फायदा

यह भी पढ़ें- मुंगेर में चमकेगा रत्नेश्वरनाथ मंदिर, 9.10 करोड़ से होगा सुंदरीकरण, बदलेगी परिसर की तस्वीर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।